Posted on 29 Dec, 2018 6:18 pm

 

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्धन सिंह ने आज अपने मंत्रालय का कार्यभार सम्हालने के बाद अधिकारियों की बैठक में कहा कि प्रदेश के हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएँ मिलें, यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार सहन नहीं होगा और बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा।

श्री जयवर्धन सिंह ने अपरान्ह में अपने मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। श्री सिंह ने अधिकारियों से कहा कि इस प्रदेश का हर नागरिक हमारा वोटर है। एक कल्याणकारी सरकार से उसकी जो अपेक्षाएं हैं, वह पूरी हों, यह जवाबदारी हमारी है। उन्होंने कहा कि हर शहर और नगर की अपनी खूबियाँ होती हैं। उनका संरक्षण करने के साथ वहाँ की कमियाँ दूर हों, यह हमारा लक्ष्य है।

श्री सिंह ने कहा कि वे शीघ्र ही नगरीय विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और उसके बाद समग्र विकास का रोडमेप तैयार किया जायेगा।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​​