Posted on 23 Jan, 2017 5:35 pm

 

बहुमूल्य धरोहर स्कूली छात्रों को रू-ब-रू करवाने की पुरातत्व विभाग की अभिनव पहल 

 

भोपाल : सोमवार, जनवरी 23, 2017, 17:30 IST

 

प्रदेश के ऐतिहासिक-पुरातत्व महत्व की महत्वपूर्ण पुरा-सम्पदा और हमारी विरासत से रू-ब-रू करवाने के लिये पुरातत्व विभाग ने 'हमारी विरासत'' अभिनव कार्यक्रम की शुरूआत की है। इसके जरिये स्कूली छात्रों को पुरातात्विक महत्व की धरोहरों से जोड़ा जायेगा। इस संबंध में भोपाल के सभी शासकीय, गैर-शासकीय स्कूल के प्राचार्य को पत्र लिखकर छात्रों को राज्य संग्रहालय का भ्रमण करवाने को कहा गया है।

पुरातत्व आयुक्त श्री अनुपम राजन ने बताया कि बहुमूल्य धरोहर से स्कूली छात्रों को परिचित करवाने के लिये राज्य संग्रहालय में नि:शुल्क प्रवेश दिया जायेगा। श्री राजन ने बताया कि राज्य संग्रहालय के योग्य गाइड छात्र-छात्राओं को प्रदर्शित कला-कृतियों की बारीकियों से अवगत करवायेंगे।

सागर जिले की बीना तहसील के दयानंद एंग्लो-वेदिक स्कूल (बीआरओएल) के 648 छात्र अपने शिक्षकों के साथ राज्य संग्रहालय पहुँचे। छात्रों ने संग्रहालय की 17 वीथिका का अवलोकन किया। इसके पहले योग चिकित्सा शिविर में अमेरिका से आये 22 भारतीय ने भी राज्य संग्रहालय में प्रदर्शित पुरावशेषों का अवलोकन किया।

यह है राज्य संग्रहालय में

भोपाल की रमणीय श्यामला पहाड़ी पर राज्य संग्रहालय स्थापित है। इसमें प्रदेश की बहु-आयामी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर प्रदर्शित की गयी है। संग्रहालय में स्थापित 17 वीथिका में प्राचीन महत्वपूर्ण कृतियाँ श्रेणीवार प्रदर्शित हैं। इसमें प्रागैतिहासिक एवं जीवाश्म, उत्खनित सामग्री, प्रतिमाएँ और ऐतिहासिक अभिलेख विशेष रूप से भूतपूर्व रियासतों के दुर्लभ दस्तावेज, पाण्डुलिपि, चित्र, राजसी संग्रह, वस्त्र, स्वतंत्रता संग्राम के अभिलेख, लघु चित्र, सिक्के, दुर्लभ वाद्य यंत्र, अस्त्र-शस्त्र आदि प्रदर्शित हैं।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश