Posted on 09 Jan, 2017 7:58 pm

 

प्रदेश के सभी विद्यालय-महाविद्यालय में होगा सूर्य-नमस्कार 

 

भोपाल : सोमवार, जनवरी 9, 2017, 16:25 IST

 

प्रदेश में स्वामी विवेकानंद के जन्म-दिन युवा दिवस पर 12 जनवरी को सभी विद्यालय, महाविद्यालय और शिक्षण संस्थाओं में सामूहिक सूर्य-नमस्कार होगा। इसी दिन स्वामी विवेकानंद के जीवन पर केन्द्रित प्रेरणादायी शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम के संबंध में आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास और प्राचार्य डाइट को निर्देश जारी किये हैं।

युवा दिवस 12 जनवरी को शिक्षण संस्थाओं, महाविद्यालय, ग्राम पंचायत और आश्रम-शालाओं में सुबह 9 से 10.30 बजे तक सामूहिक सूर्य-नमस्कार होगा। सूर्य-नमस्कार के लिये सुबह 9 बजे सभी प्रतिभागी एकत्र होंगे। इसके बाद उदघोषक द्वारा कार्यक्रम की भूमिका की जानकारी दी जायेगी। सुबह 9.20 पर राष्ट्र गीत वन्दे-मातरम् का सामूहिक गायन होगा। सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश सुनवाया जायेगा। सुबह 9.45 से सूर्य-नमस्कार और प्राणायाम की शुरूआत की जायेगी। अंत में सुबह 10.30 बजे सभी प्रतिभागी का आभार माना जायेगा।

सामूहिक सूर्य-नमस्कार सभी शिक्षण संस्थाओं पर एक संकेत पर किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। जिला-स्तर पर सूर्य-नमस्कार के लिये कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। समिति में पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी, जिला मुख्यालय के शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राचार्य डाइट, जनसम्पर्क अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला-बाल विकास, परियोजना अधिकारी शहरी विकास प्राधिकरण और कलेक्टर द्वारा नामांकित 5 अशासकीय संगठन के सदस्य को शामिल किया गया है। सूर्य-नमस्कार में कक्षा-6 से 12वीं तक और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को शामिल किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। कक्षा-1 से 5 तक के बच्चे सूर्य-नमस्कार में शामिल नहीं होंगे, लेकिन वे आयोजन को देखने के लिये उपस्थित रहेंगे। सामूहिक सूर्य-नमस्कार कार्यक्रम के रेडियो से सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गयी है। रेडियो से सीधे प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का भी प्रसारण होगा। सूर्य-नमस्कार के दौरान आयोजन-स्थल पर रेडियो की व्यवस्था किये जाने के निर्देश भी दिये गये हैं।

सूर्य-नमस्कार के लिये एक से 12 गिनती के आधार पर योग मुद्रा होंगी। एक पर प्रार्थना मुद्रा, दो पर हस्त उत्तानासन, तीन पर पादहस्तासन, चार पर अश्व संचालनासन, पाँच पर पर्वतासन, छह पर अष्टांग नमस्कार, सात पर भुजंगासन, आठ पर पर्वतासन, नौ पर अश्व संचालनासन, दस पर पादहस्तासन, ग्यारह पर हस्त उत्तानासन और अंत में बारह पर प्रार्थना मुद्रा की मुद्रा होगी। सामूहिक सूर्य-नमस्कार के लिये मैदान की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिये कहा गया है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश