Posted on 23 Jun, 2017 6:16 pm

भोपाल : शुक्रवार, जून 23, 2017, 17:26 IST
 

स्मार्ट सिटी की सूची में अब सागर तथा सतना जिले को भी शामिल कर लिया गया है। केन्द्रीय नगरीय विकास मंत्री श्री वेंकैया नायडू ने स्मार्ट सिटी योजना की तीसरी सूची में प्रदेश के दो और शहर के नाम की घोषणा की है। प्रदेश की नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने इस पर केन्द्र सरकार का आभार मानते हुए कहा है कि मध्यप्रदेश के अब सात शहर स्मार्ट सिटी योजना में शामिल हो गए हैं। श्रीमती सिंह ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई देते हुए कहा कि विकास को लक्ष्य बनाकर कार्य करने की वजह से ही आज स्मार्ट सिटी योजना में मध्यप्रदेश के सात शहर शामिल हुए है।

मंत्री श्रीमती माया सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश को नगरीय विकास के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य के लिये 63 करोड़ रूपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी गई है। साथ ही मध्यप्रदेश को क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी योजना में तीन सर्वश्रेष्ठ राज्य में शामिल कर पुरस्कृत किया गया है।

मंत्री श्रीमती सिंह ने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन में अगले पाँच साल में प्रदेश में 20 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश किया जायेगा। वर्ष 2017-18 में इसके लिए 700 करोड़ का बजट प्रावधानित है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के मंशानुसार अन्य शहरों को भी स्मार्ट सिटी के रूप के राज्य स्तर से विकसित करने की कार्य-योजना बनाई गई है, जिसके लिए लगभग 300 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश