Posted on 24 Oct, 2016 5:34 pm

भोपाल : सोमवार, अक्टूबर 24, 2016, 17:16 IST
 

स्कूल शिक्षा विभाग 36 जिला पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। इन पुस्तकालयों को विभाग की ओर से आर्थिक मदद भी दी गयी है। जिलों में संचालित पुस्तकालय जन-सामान्य के लिये दो पाली में सुबह और शाम नियमित रूप से खुल रहे हैं। इन पुस्तकालयों में समाचार-पत्र, शैक्षणिक एवं साहित्यिक गतिविधियों पर केन्द्रित पुस्तकें पाठकों के लिये उपलब्ध करवायी जा रही हैं।

भोपाल का शासकीय मौलाना आजाद केन्द्रीय पुस्तकालय शैक्षणिक एवं साहित्यिक गतिविधियों का एक बड़ा केन्द्र बनकर उभरा है। इस पुस्तकालय में विभिन्न लेखकों की नई-पुरानी रचनाओं के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें भी उपलब्ध हैं। पुस्तकालय में समय-समय पर कार्यशालाएँ भी की जा रही हैं। इन कार्यशालाओं में भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं विषय-विशेषज्ञ युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाते हैं। पुस्तकालय में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम की स्मृति में अक्षर मेले का भी आयोजन किया जा चुका है। इंदौर के अहिल्या केन्द्रीय पुस्तकालय और ग्वालियर के केन्द्रीय पुस्तकालय में भी इसी तरह का आयोजन किया जा रहा है। इन पुस्तकालयों को स्वयंसेवी संस्थाओं ने मदद भी की है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश