स्काउट एवं गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल जैन ने मुख्यालय परिसर में किया पौधारोपण
Posted on 20 Aug, 2017 6:40 pm
भोपाल : रविवार, अगस्त 20, 2017, 17:05 IST | |
भारत स्काउट एवं गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल जैन ने आज राज्य मुख्यालय स्थित परिसर में पौधारोपण कर मध्यप्रदेश स्काउट एवं गाइड गतिविधियों की जानकारी ली। राज्य के मुख्य आयुक्त ऊर्जा मंत्री श्री पारस जैन के साथ श्री जैन ने मुख्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। इस अवसर पर श्री पारस जैन ने अल्प समय में स्काउट-गाइड की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों में योगदान करने वाले पुराने पदाधिकारियों-सदस्यों का सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा। संस्थान से अनेक वर्ष से जुड़े श्री डी.एस. राघव के उल्लेखनीय योगदान का जिक्र भी श्री जैन ने किया। श्री जैन ने भविष्य में मध्यप्रदेश में होने वाली नेशनल जम्बूरी में सहयोग का अनुरोध भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से किया। श्री अनिल जैन ने कहा कि स्काउट एवं गाइड समाज सेवा का बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश-सेवा के लक्ष्य को लेकर कार्य करना होगा। तीन मुख्य बातों की ओर विशेष ध्यान होगा, इनमें स्वच्छता अभियान प्रमुख है। मन, बुद्धि और आत्मा का कल्याण स्वच्छता में निहित है। स्वच्छता से समाज निरोगी होता है। श्री जैन ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर स्काउट एवं गाइड की कार्य-प्रणाली में कुछ महत्वपूर्ण परिवर्तन किये गये हैं। स्काउट एवं गाइड की संख्या एक करोड़ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्काउट एवं गाइड को समाज के साथ संवेदनशील होने की जरूरत। दूसरी स्किल इंडिया और तीसरी बात बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ प्रमुख है। स्काउट एवं गाइड को समय और समाज के साथ संवेदनशील होने की जरूरत है। उन्होंने स्वच्छता अभियान की शुरूआत मुख्यालय परिसर से शुरू करने की अपील की। इस अवसर पर श्री पारस जैन ने श्री अनिल जैन को शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में श्री डी.एस. राघव के अलावा, उपाध्यक्ष श्री रमेश शर्मा 'गुट्टू' एवं श्रीमती सरोज राजपूत, मुख्यालय आयुक्त श्री आर.डी. सोलंकी, श्री राजीव जैन, श्री राहुल कोठारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। |
साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश