Posted on 26 May, 2018 3:44 pm

 

राज्य बीमारी सहायता निधि से प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर हजारों लोगों को शासन के खर्च पर चिकित्सा का लाभ मिल रहा है। उज्जैन जिले के जहाँगीरपुर (बड़नगर) के 55 वर्षीय दिनेश दमामी लम्बे समय से ह्रदय रोग से पीड़ित थे। कमजोर स्वास्थ्य के कारण छुटपुट काम ही कर पाते थे। थोड़ा बहुत जो कमाते थे, वह भी दवाइयों पर खर्च हो जाता था। शारीरिक अस्वस्थता के साथ मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा था। इस कारण दिनेश की पत्नी को मजदूरी करने जाना पड़ता था। बच्चों की ठीक से परवरिश भी नहीं हो पा रही थी।

स्वास्थ्य विभाग के सक्रिय कार्यकर्ता दिनेश दमामी की परेशानी का पता लगते ही उसके घर पहुँचे। दिनेश से बातचीत की और उसे उपचार के लिये शासकीय चिकित्सक के पास ले गये। अस्पताल की सभी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद राज्य बीमारी सहायता योजना में इंदौर के मेदांता अस्पताल में दिनेश की सर्जरी हुई। खर्च की पूरी राशि एक लाख 40 हजार सरकार ने दी। आज पूर्णत: स्वस्थ दिनेश दमामी के पास स्वास्थ्य कार्यकर्ता, चिकित्सक और राज्य शासन की योजना की प्रशंसा के लिये शब्द नहीं हैं।

उज्जैन जिले में राज्य बीमारी सहायता योजना में एक अप्रैल, 2018 से अब तक 12 प्रकरण स्वीकृत किये गये हैं। हितग्राहियों को 13 लाख 85 हजार 500 रुपये का उपचार प्रदान किया जा चुका है।

सक्सेस स्टोरी (उज्जैन)

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश