Posted on 22 Apr, 2017 4:45 pm

भोपाल : शनिवार, अप्रैल 22, 2017, 16:32 IST
 

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन 'इसरो' द्वारा मध्यप्रदेश में सुशासन एवं विकास संबंधी गतिविधियों और कार्यक्रमों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भोपाल में 24 अप्रैल को राज्य-स्तरीय कार्यशाला की जायेगी। उदघाटन सत्र में 'इसरो' चेयरमेन श्री ए.एस. किरण कुमार का लेक्चर होगा।

कार्यशाला में अंतरिक्ष विज्ञान विभाग के अधिकारी, 'इसरो' के विभिन्न संगठनों के निदेशक और राज्य सरकार के विभिन्न विभाग के अपर मुख्य सचिव, सचिव एवं कलेक्टर भाग लेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य पंचायत स्तर पर आम लोगों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के विविध और व्यापक उपयोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यशाला को मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह भी संबोधित करेंगे। उदघाटन सत्र के बाद थीम आधारित दो समानांतर तकनीकी सत्र होंगे। प्रथम समानांतर तकनीकी सत्र में विकासात्मक नियोजन एवं कृषि तथा आजीविका विषय पर केन्द्रित थीम पर प्रेजेंटेशन होगा। द्वितीय सत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य तथा लोक-सुरक्षा विषय पर प्रेजेंटेशन होगा।

समापन सत्र के दौरान समानांतर तकनीकी सत्रों में हुए विचार-मंथन के परिणामों को सारांश में प्रस्तुत किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि 7 सितम्बर-2015 को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय कार्यशाला में विशेष सत्र को संबोधित करते हुए सुशासन (गुड गवर्नेंस) एवं विकास में अंतरिक्ष विज्ञान के उपयोगों (एप्लीकेशंस) के समन्वय के लिये संस्थागत पद्धति पर जोर दिया था। इसी परिप्रेक्ष्य में अंतरिक्ष विज्ञान विभाग, भारत सरकार ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन 'इसरो' और राज्यों के रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर (आरएसएसी) के सहयोग से 28 राज्य में एक-दिवसीय कार्यशाला करने का निर्णय लिया था। इसमें प्रथम श्रेणी के लिये जिन बारह राज्य का चयन किया गया है, उनमें मध्यप्रदेश शामिल है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश