Posted on 17 May, 2017 7:04 pm

भोपाल : बुधवार, मई 17, 2017, 18:23 IST
 

सुभाष फाटक रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण तय समय जून 2018 से पहले पूरा करवाया जायेगा। आर.ओ.बी. की स्वीकृति सहकारिता, भोपाल गैस त्रासदी, राहत एवं पुनर्वास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री विश्वास सारंग के विशेष प्रयासों से हुई थी। यह पहला ऐसा आर.ओ.बी. है, जिसमें 60 मीटर रेलवे ट्रेक पर ब्रिज का निर्माण हो रहा है। राज्य मंत्री श्री सारंग ने आज आर.ओ.बी. निर्माण का निरीक्षण किया।

राज्य मंत्री श्री सारंग ने झूला की मदद से पिलर के ऊपर डाले गये स्लेब पर पहुँच कर निरीक्षण किया। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्री एम.पी. सिंह और रेलवे के मुख्य अभियंता भी साथ थे। राज्य मंत्री श्री सारंग ने बताया कि अप्रैल 2016 में स्वीकृत यह ब्रिज उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होंने बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र के विकास में आर.ओ.बी. की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसकी डिजाइन अब तक की उपलब्ध रेलवे ओवर ब्रिज डिजाइन से बेहतर है। कुल 690 मीटर के आर.ओ.बी. का 60 मीटर का हिस्सा रेलवे लाइन पर है। रेलवे लाइन पर 60 मीटर लम्बाई स्टील फ्रेम ब्रिज में कर्व 45 डिग्री का डिजाइन किया गया है, जो यातायात को सुगम और अधिक सुविधाजनक बनायेगा। अमूमन कर्व 90 डिग्री का होता है।

राज्य मंत्री श्री सारंग ने बताया कि अभी तक निर्माण कार्य 50 प्रतिशत होना था जिसे ऐजेन्सी द्वारा 70 प्रतिशत तक पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि रोज के काम की प्लानिंग और क्रियान्वयन की रोजाना समीक्षा का परिणाम है काम में एडवांस प्रगति। निर्माण की गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। श्री सारंग ने बताया कि आर.ओ.बी. की कुल लम्बाई 690 मीटर है। इसमें 60 मीटर रेलवे और 630 मीटर का लोक निर्माण की सेतु निर्माण इकाई द्वारा निर्माण किया जा रहा है। दोनों द्वारा अपने-अपने हिस्से के निर्माण को जल्दी पूरा किया जायेगा।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश