Posted on 09 Jan, 2017 8:10 pm

 

सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने किया लोकार्पण  

 

भोपाल : सोमवार, जनवरी 9, 2017, 17:43 IST

 

सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने आज मुख्य तकनीकी परीक्षक, सतर्कता की नई वेबसाइट ctebhopal.mp.gov.in का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्य तकनीकी परीक्षक श्री आर.के. मेहरा और उप सचिव सामान्य प्रशासन श्री के.के. कातिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

राज्य मंत्री श्री आर्य ने कहा कि वेबसाइट को नियमित अपडेट करने पर ही उसका उद्देश्य पूरा होगा। वेबसाइट की नियमित मॉनीटरिंग से अद्यतन जानकारी लोगों तक पहुँचेगी। अद्यतन रिपोर्ट से निर्माण विभागों के काम में गति आयेगी।

बताया गया कि संगठन की वेबसाइट बनने से विभिन्न विभाग को संगठन से संबंधित प्रकरणों की जानकारी त्वरित मिल सकेगी। इससे प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होगी। वेबसाइट के माध्यम से प्रदेश के सभी निर्माण विभाग अपने से संबंधित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति तत्काल देख सकेंगे। वेबसाइट पर संगठन के वार्षिक प्रतिवेदन, विभागों से प्रथम उत्तर की स्थिति, प्रकरणों के निरीक्षण प्रतिवेदन, गंभीर श्रेणी के प्रकरण, आरआरसी वसूली के शेष प्रकरणों की स्थिति, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन द्वारा प्रेषित विभिन्न विभाग के स्तर पर कार्यवाही के लिये लंबित प्रकरणों की स्थिति और सचिव और विभागाध्यक्ष-स्तर पर लम्बित प्रकरणों की जानकारी अपलोड की गयी है।

वेबसाइट पर संगठन द्वारा किये जाने वाले निरीक्षण दौरों की अद्यतन जानकारी भी उपलब्ध होगी। निरीक्षण के लिये आवश्यक जानकारी देने वाला प्रपत्र भी वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है। इसे मैदानी अधिकारी डाउनलोड कर निरीक्षण के दौरान मुख्य तकनीकी परीक्षक को कार्य के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवा सकेंगे।

 

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश