Posted on 26 Apr, 2017 6:12 pm

भोपाल : बुधवार, अप्रैल 26, 2017, 16:51 IST
 

सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने आज मंत्रालय में सामान्य प्रशासन विभाग की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान सीएम हेल्पलाइन में आये विभागीय प्रकरण में संबंधित व्यक्ति से फोन पर बात की।

राज्य मंत्री श्री आर्य ने जिला शाजापुर तहसील बड़ोदिया ग्राम मंडोदा के श्री मुकेश कुमार से बात की। श्री कुमार ने परिजन के मृत्यु प्रमाण-पत्र संबंधी शिकायत हेल्पलाइन में की थी। मंत्री के पूछने पर उन्होंने बताया कि प्रमाण-पत्र मिल गया है और वह काम होने से पूरी तरह संतुष्ट है। श्री आर्य ने जिला शिवपुरी तहसील बदरवास ग्राम पंचायत खतोरा के श्री रामकिशन जाटव से बात की। उन्होंने जाति प्रमाण-पत्र बनवाने संबंधी शिकायत दर्ज करवाई थी। मंत्री के पूछने पर उन्होंने बताया कि काम हो गया है और वह संतुष्ट हैं।

श्री आर्य ने छिन्दवाड़ा के ग्राम न्यूटन चिखली के मो. शाकिर अंसारी से भी बात की। श्री अंसारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष से 7,500 रुपये प्राप्त हो गये हैं। श्री आर्य ने जिला सीहोर नसरुल्लागंज ग्राम लड़सी के श्री शुभम जोशी से बात की। उन्होंने बताया कि बीमारी के इलाज के लिये मुख्यमंत्री सहायता कोष से 20 हजार रुपये मिले गये हैं। दोनों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान अच्छा काम कर रहे हैं।

राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने जिला रीवा तहसील जवा ग्राम तिग्लाहा के सुक्मंत कुमार तिवारी से बात की। श्री तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष से इलाज के लिये आवेदन लगाया था, जो संबंधित ने गुमा दिया है। दोबारा आवेदन दिया है। इस पर श्री लाल सिंह आर्य ने कलेक्टर रीवा श्री राहुल जैन से तत्काल बात कर शिकायतकर्ता का शिकायत नंबर और मोबाइल नम्बर नोट करवाकर निराकरण करने के निर्देश दिये।

प्रमुख सचिव श्रीमती सीमा शर्मा ने बताया कि हेल्पलाइन के प्रकरण निराकरण के लिये सामान्य प्रशासन विभाग के सभी उप सचिव प्रतिदिन 5-5 कॉल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को अपनाने से 7000 प्रकरण में से केवल 142 प्रकरण निराकरण के लिये बचे हैं। बैठक में बताया गया कि अभी तक एक करोड़ 25 लाख 60 हजार जाति प्रमाण-पत्र जारी किये जा चुके हैं।

राज्य मंत्री श्री आर्य ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के विशेष भर्ती अभियान में कलेक्टर-कमिश्नर द्वारा की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी हासिल करे। श्री आर्य ने मंत्रालय की एनेक्सी बिल्डिंग के बारे में भी जानकारी ली। श्री आर्य ने कहा कि विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री की घोषणाओं को जल्द पूरा किया जाये। बैठक में अपर सचिव श्री के. के. कातिया, उप सचिव डॉ. अमिताभ अवस्थी, श्रीमती ऊषा परमार और श्री संजय कुमार उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश