Posted on 15 Jun, 2016 11:39 am

राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम के निगमीय सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर.) के निर्धारण के लिए निगम के अध्यक्ष की अध्यक्षता में समिति का गठन होगा। यह निर्णय आज निगम के अध्यक्ष एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बैठक में लिया गया। बैठक में वित्त सचिव श्री अनिरुद्ध मुखर्जी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव श्री मनीष रस्तोगी एवं निगम के प्रबंध संचालक श्री एम. सेलवेन्द्रन उपस्थित थे।

बैठक में टी.सी.एस एवं निगम के सहयोग से संचालित कंपनी एम.पी ऑनलाईन की अनुबंध अवधि 31 मार्च 2017 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। प्रबंध संचालक श्री सेलवेन्द्रन ने जानकारी दी कि निगम द्वारा एम.पी. ऑनलाइन कंपनी का सफलता से संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही निगम विभिन्न शासकीय विभाग की परियोजनाओं का कार्य भी करता है। एक समय घाटे में चलने वाले निगम ने वर्ष 2014-15 में 8 करोड़ 78 लाख रूपये का लाभ अर्जित किया है। इसके निगमीय सामाजिक उत्तरदायित्व (कार्पोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी) के निर्धारण के लिए सी.एस.आर. समिति का गठन किया जाना आवश्यक है। बैठक में बताया गया कि निगम के नई दिल्ली स्थित आवासीय परिसर का किराया नियमानुसार निर्धारित करवाने की कार्रवाई की जाएगी।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent