Posted on 07 Sep, 2016 3:17 pm

भोपाल : बुधवार, सितम्बर 7, 2016, 14:45 IST
 

जल संसाधन, जनसंपर्क और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज मंत्रालय में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में सिंचाई योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। मंत्री डॉ. मिश्रा ने निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं के काम जल्द ही पूरा करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव जल संसाधन श्री पंकज अग्रवाल और प्रमुख अभियंता श्री एम.जी.चौबे उपस्थित थे।

मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि सिंचाई के जल का किसानों के हित में पूरा उपयोग हो। वर्षा जल और अन्य जल स्रोतों से व्यर्थ बहने वाले पानी के अधिकतम उपयोग की दिशा में प्रयास निरंतर किए जाएं। उन्होंने प्रदेश की बड़ी सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को दी जा रही सिंचाई सुविधा की जानकारी प्राप्त की। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि जिन परियोजनाओं में पर्यावरणीय स्वीकृति आवश्यक है, उनकी स्वीकृति के लिए तीव्र गति से प्रयास किए जाए। हरसी उच्च-स्तरीय नहर को दोआब नहर से सीधे जल प्रदाय करने की योजना बनायें। डॉ. मिश्रा ने कहा कि लोअरगोई परियोजना की वन, पर्यावरण एवं प्रशासकीय स्वीकृति वरीयता से प्राप्त की जाए।

मंत्री डॉ. मिश्रा ने ग्वालियर और दतिया क्षेत्र की सिंचाई योजनाओं की भी जानकारी ली। ग्वालियर नगर में जल प्रदाय के लिए उपयोग में लाए जा रहे तिघरा जलाशय पर दबाव कम करने के लिए मणिखेड़ा जलाशय के उपयोग के लिए भी योजना तैयार करने को कहा। इसी तरह दतिया शहर में जल प्रदाय और सुधार के लिए नगरीय प्रशासन विभाग से समन्वय स्थापित कर पेयजल आपूर्ति में जल संसाधन विभाग की भूमिका सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent