Posted on 10 Apr, 2017 2:58 pm

भोपाल : सोमवार, अप्रैल 10, 2017, 14:43 IST
 

तीन दिवसीय विन्ध्य महोत्सव का भव्य शुभारम्भ रीवा में रविवार की रात्रि को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने दीप जला कर महोत्सव का शुभारंभ किया। श्री शुक्ल ने कहा कि विंध्य आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हम अपनी संस्कृति, लोक कला और व्यंजन को सहेजकर विन्ध्य को विश्व स्तर का दर्जा दिला सकते हैं। विकास के साथ-साथ इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र को पहचान मिलती है।

श्री शुक्ल ने कहा कि प्रतिवर्ष महोत्सव में नई उपलब्धियाँ जुड़ जाती हैं। इस बार नवीन कलेक्ट्रेट भवन बनकर तैयार हुआ है, जो रीवा को पहचान दिलायेगा। उन्होंने कहा कि इससे लाखों लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा सकेगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि अगले महोत्सव में राजकपूर ट्रस्ट मेमोरियल और सौर ऊर्जा संयंत्र सहित कई उपलब्धियाँ जुड़ेंगी। उन्होंने महोत्सव का आयोजन किये जाने पर विंध्य पर्यटन समिति को बधाई दी। उद्योग मंत्री ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से बाहर के कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। मंत्री श्री शुक्ल ने महोत्सव के सफलतम आयोजन की कामना की।

महापौर श्रीमती ममता गुप्ता ने कहा कि विंध्य की लोककला, संस्कृति, खान-पान और बोली देश भर में प्रसिद्ध है। चित्रकूट से लेकर अमरकंटक तक विन्ध्य प्रदेश की धरा है।

कलेक्टर श्री राहुल जैन ने विन्ध्य महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत करते की। उन्होंने कहा कि लोग शिल्पग्राम में जाकर कलाकृतियों को भी जरूर देखें। उन्होंने कहा कि यह सभी गतिविधियाँ आनन्द विभाग का ही हिस्सा है।

महोत्सव में आज स्थानीय कलाकारों ने डिण्डौरी के आदिवासी कलाकारों ने प्रसिद्ध गुदुम्ब नृत्य, राष्ट्रीय स्तर की नृत्यांगना अरूपा लहरी ने नमामि देवि नर्मदे पर भरत नाट्यम की प्रस्तुति दी। विश्व प्रख्यात पार्श्व गायक शान के गीतों ने विन्ध्य महोत्सव आयोजन में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती शीला त्यागी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल, शहडोल जिला पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा तिवारी, भाजपा अध्यक्ष श्री विद्या प्रकाश श्रीवास्तव, रीवा जनपद अध्यक्ष श्री के. पी. त्रिपाठी, कुलपति अवधेश प्रताप सिंह विश्व विद्यालय प्रोफेसर के.एन. सिंह यादव सहित जन-प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश