Posted on 03 Oct, 2018 5:47 pm

 

समाधान एक दिन में कार्यक्रम से मिल रही सेवाओं से नागरिकों में खुशी का माहौल है। जिलों में दूर-दराज के क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों ने इस योजना को सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वपूर्ण योजना बताया है। योजना के संबंध में लोगों का कहना है कि उन्हें अब सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़ते। अब जमीन के खसरा खतौनी जैसे दस्तावेज, नकल और आय, जन्म, मृत्यु तथा अन्य प्रकार के प्रमाण-पत्र कुछ घंटों में ही मिल जाते हैं।

नीमच जिले के गिरदौड़ा के मुकेश अहीर ने बताया क उनको अफीम की खेती के पट्टे के लिये अपनी जमीन की खसरा नकल की जरूरत थी। उन्होंने 28 सितम्बर को दिन में 11 बजे नकल के लिए लोकसेवा केन्द्र में आवेदन किया। आवेदन करने के डेढ़ घंटे बाद साढ़े बारह बजे खसरा की नकल मिल गई। मुकेश का कहना है कि पहले इसी काम को करवाने के लिये 3 से 4 दिन लगते थे और तहसील दफ्तर के चक्कर भी लगाना पड़ते थे।

नीमच जिला मुख्यालय के उमेश शर्मा को निवास प्रमाण-पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उमेश ने लोकसेवा केन्द्र में आवेदन दिया। आवेदन देने के दो घंटे बाद निवास प्रमाण-पत्र मुकेश को मिल गया। उमेश को भरोसा ही नहीं हो रहा था कि जिस काम के लिए पहले कई दिन लगते थे और कार्यालय के चक्कर भी लगाना पड़ते थे, वह काम इतनी सहजता के साथ मात्र दो घंटे के अन्दर हो गया।

आगर-मालवा जिले के निवासी सौरभ मारू को समाधान एक दिन में कार्यक्रम के माध्यम से केवल एक घंटे में निवासी प्रमाण-पत्र प्राप्त हो गया। सौरभ समाधान एक दिन को तुरंत सेवा मानते हैं।

नरसिंहपुर जिले के रौसरा गाँव के ओमप्रकाश ठाकुर को आवेदन देने के महज आधे घंटे बाद स्थायी निवासी प्रमाण-पत्र प्राप्त हो गया। ओमप्रकाश का कहना है कि आधे घंटे में प्रमाण-पत्र का मिल जाना उनके लिये सपने का हकीकत बदलने जैसा था। ओमप्रकाश सरकार की प्रशंसा करते हुए नहीं थकते।


सक्सेस स्टोरी (नीमच-2, आगर-मालवा, नरसिंहपुर)

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​​

Recent