Posted on 23 May, 2017 7:10 pm

भोपाल : मंगलवार, मई 23, 2017, 18:54 IST
 

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां मंत्रालय में जल संसाधन विभाग की महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बाणसागर, महान, पेंच, बारना परियोजनाओं के अंतर्गत चल रही छोटी नहर एवं उद्वहन परियोजनाओं के प्रत्येक आयाम की समीक्षा करते हुए समय पर पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर पानी देना सबसे बड़ी प्राथमिकता और जिम्मेदारी है। सिंचाई परियोजनाओं को प्रदेश की समृद्धि का आधार स्तंभ बताते हुये उन्होंने कहा कि सिंचाई से ही खेतों और किसानों के जीवन में समृद्धि आई हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण की गति बढ़ायें जिससे सभी सिंचाई परियोजनाओं से रबी-2017 में पानी मिलने लगे।

श्री चौहान ने कहा कि निर्माण कार्यों से जुड़ी सभी एजेंसियों को सरकार विकास में सहयोगी मानती है। उन्हें हर-स्तर पर सहयोग दिया जायेगा ताकि वे अपनी पूरी क्षमता से काम करें।

मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्माण एजेसिंयों के साथ समन्वय के साथ तकनीकी मुद्दों का तत्काल समाधान निकालें। वर्षा के पहले अधिकतम काम पूरा कर लें।

बैठक में जल संसाधन मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह, प्रमुख सचिव जल संसाधन श्री पंकज अग्रवाल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री अशोक वर्णवाल एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश