Posted on 18 Nov, 2016 6:32 pm

भोपाल : शुक्रवार, नवम्बर 18, 2016, 17:37 IST
 

शौर्य स्मारक के मुक्ताकाश मंच पर लघु फिल्म 'एनी टास्क, एनी टाईम, एनी व्हेयर' दर्शकों को दिखलायी गयी। फिल्म के दृश्यों को देखकर दर्शकों ने देश की सीमा सुरक्षा के प्रयासों और बार्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवानों का जज्बा देखकर यह जाना कि बी.एस.एफ के जवान देश की चारों सीमाओं पर निरन्तर चौकस रहकर देश को सुरक्षा प्रदान करने के लिए मुस्तैद रहते हैं।

देश के दुश्मन जो घुसपैठ की निरन्तर कोशिश करते हैं। उनके सामने यही जवान मजबूत दीवार बनकर खड़े रहते हैं। इनकी चौकस नजर से बचना किसी भी स्थिति में कही भी और कभी भी मुमकिन नहीं है। देश के यह बहादुर पहरेदार दुश्मन के लिए काल तो हिदुस्तान के लिए भाल का काम करते हैं। भारत सरकार के फिल्म डिवीजन द्वारा बनाई गई इस फिल्म को दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। फिल्म की पटकथा श्री एम.एन. कुरैशी की है। निर्माण-निर्देशन श्री एम.एन.घाटे का है।

वाईस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ लेफ्टीनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्री मिलन नायडू, कर्नल श्री डी.सी. गोयल एवं कर्नल श्री दीक्षित ने गुरुवार को शौर्य स्मारक का अवलोकन किया। श्री मिलन नायडू ने शौर्य स्मारक की सराहना करते हुए कहा कि शौर्य स्मारक सेना और समाज के बीच सेतु का काम करेगा। गुरुवार के दिन प्रदेशभर के जिलों से प्रशिक्षण के लिये आये 60 शिक्षक के दल के अलावा 3000 से अधिक दर्शक ने स्मारक का अवलोकन किया।

वेलौर इन द स्काईज फिल्म का प्रदर्शन

शौर्य श्रंखला में सैन्य फिल्म 'वेलौर इन द स्काईज'' का प्रदर्शन किया गया। वर्ष 1968 में तैयार हुई यह फिल्म वायु सेना के पराक्रम पर केन्द्रित है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे हमारी वायु सेना अपने अदम्य साहस और कुशल सूझ-बूझ से देश की धरती की रक्षा आकाश में उड़ान भरकर करती है। निर्माण श्री एस.एन. थापा ने किया है और निर्देशन श्री एन.आर. बत्रा का है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश