Posted on 19 Jan, 2017 7:47 pm

 

"परख" वीडियो कान्फ्रेंस में प्रभारी मुख्य सचिव ने दिए निर्देश 
3 फरवरी को वृहद स्तर पर प्रदेशव्यापी कार्यक्रम की तैयारियों के दिए निर्देश 

 

भोपाल : गुरूवार, जनवरी 19, 2017, 18:20 IST

 

प्रभारी मुख्य सचिव श्री ए.पी. श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 'परख' वीडियो कान्फ्रेंस में आज स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत संचालित गतिविधियाँ, कृषि संगणना, नगर उदय अभियान, आधार पंजीयन, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर डाटा बेस को अद्यतन करने और खनिज साधन विभाग की समीक्षा की गई। प्रभारी मुख्य सचिव ने कहा कि राजस्व वसूली कलेक्टर का कोर वर्क है। बड़े शहरों में राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है। उन्होंने इसके लिए कार्य-योजना बनाकर प्रयास करने के निर्देश भी दिए।

प्रभारी मुख्य मुख्य सचिव ने जिला खनिज प्रतिष्ठानों द्वारा राशि की वसूली की विस्तृत समीक्षा की। श्री श्रीवास्तव ने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिला खनिज प्रतिष्ठान में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण जैसे काम जिलों की आवश्यकतानुसार किये जायें। राशि का किसी भी स्थिति में दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। खनिज प्रधान जिलों के कलेक्टरों को खनिज संबंधी वसूली सख्ती से करने के निर्देश भी प्रभारी मुख्य सचिव ने दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जिला खनिज प्रतिष्ठान की राशि का उपयोग अन्य मदों में नहीं किया जाए। निर्देश दिए गए कि अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला स्तर पर गठित टास्क फोर्स सक्षम कार्यवाही करें।

सचिव मुख्य मंत्री तथा आयुक्त नगरीय विकास श्री विवेक अग्रवाल ने कहा कि नगरीय निकायों में हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण नगर उदय अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जानकारी दी कि हितलाभ वितरण के लिए 3 फरवरी को प्रदेशव्यापी कार्यक्रम वृहद स्तर पर किया जायेगा। शासन की मंशा लगभग 10 लाख हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाने की है। अभी तक 3 लाख 25 हजार हितग्राही चयनित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान जबलपुर में हितग्राहियों को संबोधित करेंगे जिसका प्रदेशव्यापी प्रसारण दूरदर्शन के सहयोग से किया जायेगा।

कान्फ्रेंस में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्रीमती गौरी सिंह ने कहा कि सभी जिलों में 80 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण सुनिश्चित करना है। इसके लिए महिला-बाल विकास सहित अन्य एजेंसियों के साथ समन्वित अभियान चलाने के लिए जिला कलेक्टर को निर्देश दिए गए। श्रीमती सिंह ने बताया कि प्रदेश की आशा कार्यकर्त्ताओं, ग्राम आरोग्य केंद्रों, प्राथमिक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है। 30 जनवरी को होने वाले स्पर्श अभियान, 9 फरवरी को नेशनल डी वार्मिंग डे तथा फरवरी माह में संचालित होने वाले स्वच्छता पखवाड़े के लिए जारी तैयारियों की समीक्षा की गयी।

वीडियो कान्फ्रेंस में अपर मुख्य सचिव श्री के.के. सिंह ने बताया कि स्कूलों की परीक्षाओं के 900 संवदेनशील केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सुरक्षा बल उपलब्ध करवाये जायेंगे। श्री सिंह ने चिन्हित अपराधों की बैठक जिला न्यायाधीश की अध्यक्षता में प्रतिमाह करने के निर्देश कलेक्टरों को दिये।

कृषि संगणना तथा राजस्व वसूली के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रदेश में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीयन के लिए ग्वालियर-चंबल संभाग में विशेष अभियान चलाने को कहा गया।

कृषि उत्पादन आयुक्त श्री पी.सी. मीना ने कहा कि कलेक्टर 'प्रधानमंत्री उत्कृष्टता अवार्ड' के लिए 25 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

इस दौरान प्रमुख सचिव किसान-कल्याण श्री राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव नगरीय विकास श्री मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव आदिम-जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण श्री अशोक शाह, खनिज सचिव श्री मनोहर दुबे, आयुक्त स्वास्थ्य श्रीमती पल्लवी जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।vv

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश