Posted on 05 Jun, 2017 7:32 pm

भोपाल : सोमवार, जून 5, 2017, 19:02 IST
 

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्य सचिव और जैव-विविधता बोर्ड के अध्यक्ष श्री बी.पी. सिंह ने अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. पी.सी. दुबे द्वारा लिखित दो पुस्तकों का विमोचन किया। दोनों पुस्तकें- 'मध्यप्रदेश में घास विविधता विकास एवं प्रबंधन' और 'Ficus Species in Madhya Pradesh' प्रदेश में वानस्पतिक जैव-विविधता को बढ़ावा देने में उपयोगी सिद्ध होंगी। अपर मुख्य सचिव वन श्री दीपक खाण्डेकर और जैव-विविधता बोर्ड के सदस्य सचिव श्री श्रीनिवास मूर्ति ने मुख्य सचिव को बरगद और पीपल के पौधे भेंट किये।

भोपाल हेरीटेज वॉक

पर्यावरण दिवस पर राज्य जैव-विविधता बोर्ड ने वानस्पतिक जैव-विविधता को बढ़ाने के लिये अनेक कार्यक्रम किये। बोर्ड ने भोपाल बर्ड्स के सहयोग से बिशनखेड़ी में भोपाल हेरीटेज वॉक-2017 का आयोजन किया। इसमें आम नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बोर्ड ने डेफ फाउण्डेशन के सहयोग से भी जैव-विविधता जागरूकता रैली निकाली।

बिट्टन मार्केट में पौध-वितरण

बोर्ड के सदस्य सचिव श्री श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि इस बार पर्यावरण दिवस की थीम है 'प्रकृति से लोगों को जोड़ना''। वानस्पतिक जैव-विविधता के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये बिट्टन मार्केट में बरगद, पीपल, नींबू, पलाश, महुआ आदि के पौधे आम नागरिकों को बाँटे गये।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश