Posted on 21 Oct, 2016 4:29 pm

भोपाल : शुक्रवार, अक्टूबर 21, 2016, 16:16 IST
 

राज्यपाल श्री ओम प्रकाश कोहली ने आज यहाँ आयोजित पुलिस स्मृति दिवस पर देश और प्रदेश के शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाज में शांति, सदभाव और भाईचारे के वातावरण को मजबूत रखने से ही समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने जांबाज पुलिस कर्मियों से कहा कि वे इस सोच को ध्यान में रखकर अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान समाज का अभिन्न हिस्सा हैं उनकी सक्रिय भागीदारी के बिना विकास की सोच को फलीभूत करना सम्भव नहीं है। इस अवसर पर गृह मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) श्री बी.पी. सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री ऋषि कुमार शुक्ल, वरिष्ठ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और शहीदों के परिजन उपस्थित थे। राज्यपाल] गृह मंत्री एवं पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल श्री कोहली ने प्रदेश की जनता की भी सराहना करते हुए कहा कि आमजन के अनुशासित एवं भाईचारा पूर्ण आचरण से आज हमारे प्रदेश की देश में साख बनी है। सांस्कृतिक विविधता के बावजूद हम एक हैं। इस वातावरण को बनाये रखने के लिये आम आदमी को अपने अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों के प्रति सचेत रहना होगा, पुलिस का सहयोगी बनना होगा। राज्यपाल श्री कोहली सरकार द्वारा पुलिस बल को आधुनिक उपकरणों और सुविधाएँ उपलब्ध करवाने और पुलिस कर्मियों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने के प्रयास जारी रखने की जरूरत है।

गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि समाज में बढ़ती जटिलताओं और तनाव ने आज पुलिस कार्य को अधिक कठिन बनाया है। उन्होंने ने कहा कि महिलाओं और वंचित वर्गों पर होने वाले अपराधों से पुलिस को अब नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। श्री सिंह ने कहा कि पुलिस को बदलते समय के परिवर्तन लाना होगा और अपनी दक्षता में निरंतर विकास करने के साथ नये तरीके अपनाना होंगे।

पुलिस महानिदेशक श्री ऋषि कुमार शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ है। मध्यप्रदेश पुलिस हर स्थिति में शांति, कानून-व्यवस्था और विकास के माहौल को सुदृढ़ बनाये रखने के लिये कृत संकल्पित है। श्री शुक्ला ने कहा कि पुलिस को वर्तमान समय की माँग के अनुसार दक्ष एवं कुशल बनाने तथा चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनाने के लिये विभाग द्वारा पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षण पर ध्यान दिया जा रहा हैं आवश्यक संसाधनों से लेस किया जा रहा है। उन्होंने शहीदों के परिजन को आश्वासन दिया कि संकट की घड़ी में मध्यप्रदेश पुलिस उनके साथ है।

राज्यपाल श्री कोहली ने शहीदों के परिजनों से भेंट भी की। इस अवसर पर शोक परेड का आयोजन किया गया और शहीद स्मारक पर सलामी दी गई।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent