Posted on 30 Dec, 2018 10:48 pm

 

पर्यावरण एवं लोक निर्माण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा ने शनिवार को एप्को परिसर पहुँचकर पर्यावरण विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वचन-पत्र में पर्यावरण से संबंधित जिन बिन्दुओं पर जनता से वादे किये गये हैं, उन पर तेजी से अमल किया जाये। बैठक में प्रमुख सचिव, पर्यावरण श्री अनुपम राजन ने पर्यावरण विभाग की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के विशेष दल ने आज देवास पहुँचकर औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया और 4 उद्योगों से निकलने वाले दूषित जल के नमूने लिये। विशेष दल ने देवास औद्योगिक क्षेत्र में भ्रमण कर पर्यावरण संरक्षण नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। उल्लेखनीय है कि पर्यावरण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा ने समीक्षा बैठक के दौरान देवास औद्योगिक क्षेत्र में जल-प्रदूषण के संबंध में बोर्ड के अधिकारियों को जाँच करने के निर्देश दिये थे।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के दल ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पाया कि संबंधित 4 उद्योगों का दूषित पानी देवास की नागधवन नदी के पानी को प्रदूषित कर रहा है। यह पानी आगे चलकर क्षिप्रा नदी को भी प्रदूषित कर रहा है। लिये गये नमूनों की जाँच कर संबंधित उद्योगों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​