Posted on 20 Feb, 2017 1:38 pm

 

भोपाल : सोमवार, फरवरी 20, 2017, 13:12 IST

 

लोक सेवा आयोग से चयनित नव-नियुक्त 114 उप पुलिस अधीक्षक और वाणिज्यिक कर अधिकारियों ने श्यामला हिल्स स्थित राज्य संग्रहालय में स्थापित 17 कला-वीथियों का अवलोकन किया।

अधिकारी संग्रहालय में प्रदर्शित प्रागैतिहासिक एवं जीवाश्म, उत्खनित सामग्री, पाषाण एवं धातु प्रतिमाएँ, रियासतकालीन अभिलेख, नवाबकालीन कलाकृतियाँ, स्वाधीनता संग्राम के अभिलेख, पांडुलिपियाँ, लघुरंग चित्रों, मुद्राओं एवं अस्त्र-शस्त्र सामग्री को देखकर अभिभूत हुए। राज्य संग्रहालय में मध्यप्रदेश की श्रेष्ठतम कला और संस्कृति को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है|

अधिकारियों ने विभिन्न शासन काल में निर्मित शिव,उमा-महेश्वर, लकुलीश, विष्णु-सरस्वती, जैन तीर्थंकर की प्राचीन प्रतिमाओं को न केवल देखा बल्कि उनकी ऐतिहासिकता की जानकारी भी प्राप्त की| प्राचीन काल में प्रचलित मुद्राओं, वस्त्र वीथी में प्रदर्शित बेगमों के वस्त्र, कसीदाकारी, रामायण, महाभारत, कृष्णलीला के लघु चित्रों में विशेष रूचि ली|

राज्य संग्रहालय की उप संचालक डॉ. गीता सभरवाल ने संग्रहालय में प्रदर्शित कलाकृतियों की विशेषताओं से अवगत करवाया। अधिकारियों ने सामग्री के अवलोकन बाद कहा कि प्रदेश की पुरा-सम्पदा के संरक्षण-संवर्धन के लिए किये जा रहे प्रयासों का ही नतीजा है कि ऐसी दुर्लभ कलाकृतियाँ संग्रहालय में मौजूद हैं। अधिकारियों ने संग्रहालय की विजिट करवाने के लिए पुरातत्व आयुक्त श्री अनुपम राजन की पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश