Posted on 21 Dec, 2016 3:59 pm

भोपाल : बुधवार, दिसम्बर 21, 2016, 14:39 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग में बदले जा सकने वाले प्रदेश के मार्गों को चिन्हित किया जाये। प्रदेश में समय-सीमा में सड़कों के निर्माण और मरम्मत की कार्य-योजना बनायें। श्री चौहान आज मंत्रालय में प्रदेश में सड़कों के नेटवर्क की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह और मुख्य सचिव श्री बी.पी.सिंह भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सड़कों पर सुचारू आवागमन की व्यवस्थाओं पर फोकस जरूरी है। सभी सड़कें मोटरेबल रहे, यह हमारी प्रतिबद्धता है। सड़कों का नेटवर्क वर्ष भर चालू रहे, इसकी सुनिश्चितता होनी चाहिये। सड़कों के निर्माण, सुदृढ़ीकरण, मरम्मत और पेंच वर्क आदि समय से पूर्ण हो। उन्होंने निर्देशित किया कि छोटी सड़कों के निर्माण के लिये कार्य-योजना बनायी जाये। केंद्र सरकार को मार्ग सौंपने से राज्य पर संधारण का वित्तीय भार कम होगा। अवशेष राशि का उपयोग छोटे मार्गों के निर्माण के लिये किया जा सकेगा।

बैठक मे बताया गया कि सड़कों के पेंच वर्क का काम निरंतर किये जाने की व्यवस्था की गयी है। प्रदेश के 4,771 किलोमीटर लम्बाई के राष्ट्रीय राजमार्गों के अतिरिक्त 3,035 किलो मीटर के नये राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किये गये हैं। इस प्रकार प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लम्बाई 7,806 किलोमीटर हो गई है। केन्द्र सरकार ने 2,383 किलोमीटर लम्बाई के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की सैद्धांतिक सहमति भी दी है।

बैठक में अपर मुख्य सचिव वित्त श्री ए.पी.श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव लोक निर्माण श्री प्रमोद अग्रवाल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री हरिरंजन राव, प्रबंध संचालक सड़क विकास निगम श्री मनीष रस्तोगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश