Posted on 25 Apr, 2018 8:44 pm

 

होशंगाबाद जिले की पिपरिया जनपद के पनारी गाँव की राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कृषक अरुणा जोशी किसानों को उन्नत कृषि तकनीक सिखला रही हैं। अरूणा जोशी ने अपने एक हेक्टेयर खेत से अधिकतम 103 क्विंटल गेहूँ का रिकार्ड उत्पादन किया है। अरूणा जोशी प्रदेश की एकमात्र महिला कृषक है जिन्हें अपने रिकार्ड गेहूँ उत्पादन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूसा इंस्टीट्यूट नई दिल्ली में  कृषि कर्मण अवार्ड से नवाजा है।

अरूणा जोशी स्वयं खेती करती हैं। उन्होंने अपनी 18.49 एकड़ जमीन पर 5 वेरायटी के गेहूँ लगाए थे। साथ ही उन्होंने 10-10 डिसमिल में अलग-अलग वेरायटी के बीज भी लगाए थे। क्राफ्ट कटिंग के आधार पर उनका गेहूँ का औसतन उत्पादन प्रति हैक्टेयर 103 क्विंटल हुआ। वे बताती हैं कि उन्हें शुरू से ही खेती में रूचि है। उन्होंने पनारी गाँव में आम, अमरूद के बगीचे भी लगाये हैं। अरूणा के रिकार्ड के आधार पर वर्ष 2015-16 के लिए उन्हें कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त हुआ। अवार्ड के रूप में अरूणा को प्रमाण पत्र, 2 लाख का चेक और एक ट्रॉफी मिली।

अरुणा बताती हैं कि वे तो हमेशा से ही खेती करती रही हैं, उन्होंने कभी रिकार्ड के बारे में नहीं सोचा। पुरस्कार मिलने की खबर सुनी  तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि एक महिला को भी कृषि के क्षेत्र में अवार्ड मिल सकता है। अरूणा को पुरस्कार मिलने से ग्राम पनारी के बहुत से कृषक खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए प्रेरित हुए हैं। किसान अरुणा से खेती करने के तरीके की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। विशेष तौर पर महिलाएँ उनकी इस उपलब्धि से प्रेरित हुई है। अरुणा भी नि:स्वार्थ सभी को खेती की उन्नत तकनीक सिखला रही है। अरुणा ने अपने खेत में गेहूँ की आधुनिक किस्म 322 का बीज बोया था, जिससे बम्पर उत्पादन हुआ। वे कहती है कि यदि सही तरीके से खेती की जाए, तो खेती को लाभ का धंधा बनाया जा सकता है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent