Posted on 14 Jun, 2016 5:47 pm

राज्य शासन के 'स्कूल चलें हम'' अभियान में रायसेन जिले के शासकीय स्कूलों में आधारभूत संसाधन उपलब्ध करवाने तथा स्कूलों के परिवेश को छात्रों की रुचि के अनुरूप बनाने के लिये 'खूब पढ़ें-आगे बढ़ें'' अभियान चलाया जा रहा है। इस जन-सहयोगी अभियान से जन-प्रतिनिधि, व्यापारी, उद्योगपति, शासकीय सेवक, मीडियाकर्मी आदि सभी जुड़ने लगे हैं। इसके लिये बनाये गये कोष में वे अपना योगदान भी दे रहे हैं।

प्रोक्टर एण्ड गेम्बल मण्डीदीप के प्लांट मैनेजर श्री नितिन बिनानी ने इस अभियान के लिये एक करोड़ की सहयोग राशि दी है। यह राशि 3 वर्ष में अलग-अलग चरण में व्यय की जायेगी। 'खूब पढ़ें-आगे बढ़ें'' कोष में सिलवानी तहसील के राजस्व अधिकारी-कर्मचारियों ने 35 हजार और बेगमगंज तहसील के राजस्व अधिकारी-कर्मचारियों ने 31 हजार 600 रुपये की राशि जमा की है। नवदुनिया के ब्यूरो प्रमुख श्री अंबुज महेश्वरी ने कोष में एक सप्ताह का वेतन दिया है।

रायसेन कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जाटव ने बताया कि विदेश मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्रीमती सुषमा स्वराज तथा रायसेन जिले के जन-प्रतिनिधियों की पहल पर अभियान शुरू किया गया है। कोष में जमा राशि से विद्यालयों में मूलभूत संसाधन उपलब्ध करवाये जायेंगे। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आयेगा। कलेक्टर ने रायसेन जिले में शुरू की गयी इस जन-भागीदारी योजना में सभी से पूरे सहयोग की अपील की है। अभियान का उद्देश्य, बच्चे शिक्षित हों और उन्हें पढ़ने के लिये अच्छा परिवेश मिल सके, है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent