Posted on 20 Feb, 2017 8:35 pm

 

निगम की 6 यूनिट मैनेजमेंट कॉन्ट्रेक्ट पर निजी क्षेत्र को दी जायेगी
पर्यटन निगम की बैठक में योजनाओं की समीक्षा 

 

भोपाल : सोमवार, फरवरी 20, 2017, 17:11 IST
 

मध्यप्रदेश पर्यटन द्वारा रामायण सर्किट चित्रकूट, आइलेण्ड के आस-पास अधोसंरचना विकसित करने के लिये ईको सर्किट के प्रस्ताव डी.पी.आर. तैयार कर भारत सरकार पर्यटन मंत्रालय को भेजे गये हैं। प्रसिद्ध तीर्थ-स्थली ओंकारेश्वर को ‘प्रसाद योजना’ में चिन्हित किया गया है। इसके लिये भी डी.पी.आर. तैयार कर भारत सरकार पर्यटन मंत्रालय को भेजी गयी है। इन तीनों सर्किट को विकसित करने के लिये क्रमश: 50 करोड़ 57 लाख, 96 करोड़ 94 लाख और 60 करोड़ के प्रस्ताव भेजे गये हैं। इस क्रम में भारत सरकार द्वारा स्वीकृत वाइल्ड लाइफ सर्किट, बुद्धिस्ट सर्किट और हेरिटेज सर्किट के लिये प्रथम किस्त की राशि प्राप्त हो जाने से निर्माण शुरू किये जाने की कार्यवाही की जा रही है।

यह जानकारी आज यहाँ राज्य पर्यटन विकास निगम की समीक्षा बैठक में दी गई। निगम के अध्यक्ष श्री तपन भौमिक ने बताया कि निगम की 6 इकाईयों को प्रबंध अनुबंध (मैनेजमेंट कॉन्ट्रेक्ट) पर निजी क्षेत्र को दिये जाने की अनुशंसा संचालक मंडल की बैठक में की गई है। यह इकाइयाँ हैं – हंडिया, नीमच, नौगाँव, कटनी, चित्रकूट और दतिया। प्रदेश को वायु सेवा से जोड़ने की पुन: पहल की गई है। इस संबंध में पर्यटन निगम और प्रभातम एविएशन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। एयर टैक्सी का संचालन जल्द शुरू होगा। हनुवंतिया की तर्ज पर ओंकारेश्वर के नजदीक सैलानी टापू पर नया वॉटर स्पोर्टस केन्द्र विकसित किया जा रहा है। यहाँ रिसॉर्ट और बोट क्लब का निर्माण अंतिम चरण में है।

खजुराहो रन 26 फरवरी को

प्रदेश में स्थित वॉटर बॉडीज में निजी क्षेत्र द्वारा भी मोटर बोट, हाउस बोट, रॉफ्टिंग और क्रूज संचालित किये जा सकेंगे। इसी प्रकार गाँधी सागर बाँध पर बोट क्लब का संचालन भी जल्द शुरू किया जायेगा। तवा और बरगी में हाउस बोट का संचालन किया जायेगा। आगामी 26 फरवरी को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल एवं विश्व धरोहर खजुराहो में ‘खजुराहो रन’ का आयोजन किया जा रहा है। साँची और माण्डू में लाइट एण्ड साउण्ड शो कार्यक्रम प्रारंभ किया जायेगा।

सचिव पर्यटन एवं निगम के प्रबंध संचालक श्री हरि रंजन राव ने बताया कि ओंकारेश्वर में प्रसाद योजना में मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शीघ्र कार्य किये जायेंगे। पर्यटन के होटल्स में रुकने वाले अतिथियों को संबंधित स्थान पर लाइट एण्ड साउण्ड शो नि:शुल्क देखने को मिलेगा। फिल्म टूरिज्म को प्रोत्साहन के लिये मध्यप्रदेश में लोकेशन्स एवं अन्य सुविधाओं आधारित वेबसाइट तैयार की जा रही है। निगम की पर्यटन संवर्धन इकाई द्वारा 19 प्रस्तावों में 13 करोड़ 91 लाख की सब्सिडी उपलब्ध करवाई गई है। निगम द्वारा 96 विभिन्न कार्य पूरे कर लिये गये हैं। साथ ही 143 कार्य स्वीकृत हुए हैं। निर्माण समयबद्ध रूप से गुणवत्तापूर्ण हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।

बैठक में महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स, गतिविधियों और योजनाओं की समीक्षा और आगामी कार्य-योजना पर चर्चा की गई। बैठक में अपर प्रबंध संचालक सुश्री तन्वी सुन्द्रियाल सहित निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश