Posted on 14 Apr, 2017 5:33 pm

भोपाल : शुक्रवार, अप्रैल 14, 2017, 16:57 IST
 

 

इस बात को जानने का प्रयास करें कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर में क्या खूबियाँ थीं, जिसके कारण उनकी 126वाँ जन्म-दिन भी हम लोग मना रहे हैं। राजस्व, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने यह बात डॉ. अम्बेडकर के जन्म-दिन समारोह में कही।

श्री गुप्ता ने आनंद बौद्ध विहार रमानगर, तक्षशिला बौद्ध विहार अम्बेडकर नगर, शिवनगर, वल्लभ नगर और आराधना नगर में डॉ. अम्बेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया और केक काटा। उन्होंने बौद्ध वंदना भी की। श्री गुप्ता ने आराधना नगर में दिव्यांग बच्चों को मिठाई भी बाँटी।

श्री गुप्ता ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने हमेशा शोषित और उपेक्षित वर्ग के उत्थान के लिये कार्य किया। उन्होंने विभिन्न कठिनाइयों के बीच अपनी योग्यता के बल पर देश में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया। श्री गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा महू में डॉ. अम्बेडकर का भव्य स्मारक बनाया गया है। यहाँ आने वाले दर्शनार्थियों के लिये नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र से आने वाले दर्शनार्थियों को खण्डवा से महू तक ले जाने के लिये बस की व्यवस्था भी की जा रही है। राजस्व मंत्री ने डॉ. अम्बेडकर द्वारा बताये गये मार्ग पर चलने का आग्रह किया। श्री गुप्ता टी.टी. नगर गुरुद्वारा में बैसाखी कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश