Posted on 31 May, 2016 10:35 am

जनसंपर्क तथा ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि योग शरीर, मन और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है। मनुष्य के निरोग रहने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिये हमें जीवन में योग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग एक प्राचीन भारतीय पद्धति है, जिसमें शरीर, मन और आत्मा को एकसाथ लाने का काम होता है। श्री शुक्ल आज अवधेशप्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा में योग एवं चेतना केन्द्र के दो-दिवसीय योग महोत्सव के समापन सत्र को सम्बोधित कर रहे थे।

श्री शुक्ल ने कहा कि हम स्वस्थ रहेंगे, परिवार और समाज स्वस्थ रहेगा, तो देश स्वस्थ रहेगा। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से शरीर, मन और मस्तिष्क को पूर्ण रूप से स्वस्थ किया जा सकता है। इन तीनों के स्वस्थ रहने से मनुष्य पूरी तरह से अपने को स्वस्थ महसूस करता है। योग के जरिये न सिर्फ बीमारियों का निदान किया जाता है, बल्कि इसे अपनाकर कई शारीरिक और मानसिक तकलीफों को भी दूर किया जा सकता है। श्री शुक्ल ने कहा कि योग प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाकर जीवन में नई ऊर्जा का संचार करता है। योग शरीर को शक्तिशाली एवं लचीला बनाये रखता है। जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि तनाव से भी योग छुटकारा दिलाता है, जो रोजमर्रा की जिन्दगी के लिए आवश्यक है।

जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आनंद मंत्रालय की जो परिकल्पना की है, उसमें ध्यान, योग और अध्यात्मिक विकास के अन्य साधनों को बढ़ाने पर जोर दिया जायेगा। श्री शुक्ल ने योग के प्रचार-प्रसार में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा बाबा रामदेव की चर्चा करते हुए कहा कि सम्पूर्ण विश्व ने योग के महत्व को स्वीकारा है। अब घर-घर में योग पहुँच रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

इस अवसर पर मंत्री श्री शुक्ल ने योग महोत्सव के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। कुलपति डॉ. के.एन. सिंह यादव ने कहा कि योग हमारे देश की युगों पुरानी धरोहर और परम्परा है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent