Posted on 13 Aug, 2016 4:49 pm

 
युवा मामले विभाग आज़ादी के 70 साल / स्वाधीनता दिवस मनाने के लिए 100 प्रमुख जिला मुख्यालयों में कैंडल लाइट ‘तिरंगा मार्च’ का आयोजन करेगा 
 

एन वाई के एस (नेहरू युवा केंद्र संगठन)

*    स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एन वाई के एस सभी राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों के 100 प्रमुख जिला मुख्यालयों में कैंडल लाइट ‘तिरंगा मार्च’ का आयोजन करेगा। प्रत्येक तिरंगा मार्च ऐसे स्थान पर जाकर समाप्त होगा, जहां तिरंगा एवं राष्ट्रीयता की थीम पर एक सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा। एन वाई के एस से जुड़े युवा क्लबों के सदस्य एवं अन्य युवा इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रत्येक कार्यक्रम में लगभग 1,000 युवकों के भाग लेने की उम्मीद है।

 

*    एन वाई के एस पुरानी दिल्ली से नई दिल्ली तक एक कैंडल लाइट तिरंगा मार्च का आयोजन करेगा, जिसमें लगभग 2,000 युवक शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में 40 से 50 बड़े आकार के राष्ट्रीय ध्वज तथा बड़ी संख्या में छोटे ध्वज भी ले जाए जायेंगे। राष्ट्रीय नारों का उद्घोष किया जाएगा एवं देशभक्ति से भरे गाने गाए जाएंगे। कार्यक्रम की तिथि और विवरणों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

 

एन एस एस (नेशनल सर्विस स्कीम)

*    एन एस एस देश भर में एन एस एस वाले 350 विश्वविद्यालयों में से प्रत्येक में 22 अगस्त, 2016 को तिरंगा मार्च का आयोजन करेगा। कार्यक्रम 10 बजे सुबह से प्रारंभ होगा। विश्वविद्यालयों एवं उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में एन एस एस इकाईयों से जुड़े कार्यकर्ता उपयुक्त तरीके से इस मार्च का आयोजन करने के लिए विश्वविद्यालय मुख्यालय पर एकत्र होंगे। कार्यक्रम एक घंटे के ‘सुविचार’ सत्र के साथ प्रारंभ होगा, जिसमें विख्यात हस्तियां राष्ट्रीयता एवं राष्ट्रीय ध्वज के बारे में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर के आसपास या नगर में तिरंगा मार्च का आयोजन किया जाएगा। मार्च में आगे चलने वाले कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलेंगे, जबकि अन्य कार्यकर्ता राष्ट्रीयता से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर चलेंगे। ऐसी उम्मीद है कि प्रत्येक स्थान पर लगभग 500 छात्र तिरंगा मार्च में शिरकत करेंगे।

*    21 अगस्त, 2016 (रविवार) को आई.पी. इस्टेट के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम एवं नई दिल्ली में एक ‘तिरंगा पेंटिंग/पोस्टर प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की जाएगी। एक 18 वर्ष से कम आयु के वर्ग में तथा दूसरी 18 वर्ष से अधिक की आयु के वर्ग में। प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को भागीदारी के प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।

 

Courtesy – Press Information Bureau, Government of India

Recent