Posted on 04 Jun, 2017 6:31 pm

भारतीय किसान संघ का आंदोलन स्थगित 

भोपाल : रविवार, जून 4, 2017, 18:32 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज उज्जैन में किसान संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की। चर्चा उपरांत भारतीय किसान संघ के श्री शिवकांत दीक्षित ने घोषणा की कि चूंकि सरकार ने उनकी सारी बातें मान ली है अतः इस आंदोलन को स्थगित किया जाता है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भारतीय किसान संघ से चर्चा के तुरंत बाद घोषणा की कि किसान कृषि उपज मंडी में जो उत्पाद बेचते हैं, उनका 50% उन्हें अब नकद भुगतान प्राप्त होगा तथा 50% RTGS से मिलेगा। गर्मी की मूंग की फसल को सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदेगी।  किसानों का प्याज 8 रुपए प्रति किलो भाव पर सरकार खरीदेगी। यह खरीदी तीन-चार दिन में चालू हो जाएगी तथा जून के अंत तक चलेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सब्जी मंडियों में किसानों को ज्यादा आड़त देनी पड़ती है। इसे रोकने के लिए सब्जी मंडियों को मंडी अधिनियम के दायरे में लाया जाएगा। फसल बीमा योजना को ऐच्छिक बनाया जाएगा। नगर एवं ग्राम निवेश एक्ट में जो भी किसान विरोधी प्रावधान होंगे, उन्हें हटाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि किसानों पर इस आंदोलन के दौरान जो प्रकरण बने हैं, उन्हें समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है तथा सदैव किसानों के कल्याण के लिये कार्य करती रहती है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश