Posted on 04 May, 2017 12:54 pm

 

स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार कार्यक्रम में केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री वेकैंया नायडू  

 

भोपाल : गुरूवार, मई 4, 2017, 19:28 IST

 

केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री वेकैंया नायडू ने कहा कि मध्यप्रदेश में इस वर्ष स्वच्छता के क्षेत्र में काफी सुधार आया है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के कुशल नेतृत्व में एक बार फिर मध्यप्रदेश स्वच्छता में पहले स्थान पर खड़ा है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में महती भूमिका निभा रहा हैं। श्री नायडू नई दिल्ली में स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

 

मुख्यमंत्री ने दी बधाई और की सराहना

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के शहरों में प्रथम और दूसरा स्थान क्रमश: इन्दौर और भोपाल को मिलने पर इन शहरों की जनता को बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न श्रेणियों में देश के 50 शहरों में शामिल प्रदेश के अन्य शहरों की जनता को भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को मध्यप्रदेश में आदत बनाया जायेगा। इस दिशा में राज्य सरकार और समाज साथ काम करेगा। श्री चौहान ने पुरस्कृत शहरों के जन-प्रतिनिधियों, नगरीय निकायों और अन्य सहयोगी संस्थाओं की भी इस उपलब्धि के लिये सराहना की है।

 

केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 में देश के 434 शहर और नगरों में कराए गए सर्वेक्षण में इंदौर को प्रथम तथा भोपाल को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति तथा भारत के 500 शहर की स्वच्छता और सफाई की गणना करना था। शहरों की रैकिंग 3 विभिन्न स्रोतों के आधार पर की गई। नगर पालिका दस्तावेज, स्वतंत्र अवलोकन तथा शहरों के फीडबैक पर आधारित था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 में 500 शहर में से 434 शहरों ने भाग लिया। देश भर में कराए गए सर्वेक्षण में शामिल 83 प्रतिशत से अधिक लोगों ने माना कि स्वच्छ भारत अभियान चलाये जाने के बाद उनका क्षेत्र पिछले वर्ष की तुलना में अधिक स्वच्छ हुआ है। सर्वे में 404 शहरों और कस्बों के 75 प्रतिशत आवासीय क्षेत्र में अधिक स्वच्छता दिखाई गई है। साथ ही 185 शहरों में रेल्वे स्टेशन के आस-पास का इलाका स्वच्छ बताया गया।

केन्द्रीय मंत्री श्री नायडू ने इंदौर की महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ और नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह को सबसे स्वच्छ शहर के प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया। भोपाल के महापौर श्री आलोक शर्मा और नगर निगम आयुक्त सुश्री छवि भारद्धाज ने दूसरा स्थान का पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर नगरीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री मलय श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।

अवार्ड केटेगरी

  • भारत का सबसे स्वच्छ शहर - इंदौर

  • भारत का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर - भोपाल

  • भारत का सबसे तेज शहर – रीवा (जनसंख्या 2-10 लाख)

  • भारत का सबसे तेज शहर - खरगोन (जनसंख्या 2लाख से कम)

  • पश्चिम जो़न में भारत का सबसे तेज शहर - ग्वालियर (जनसंख्या 10 लाख से ज्यादा)

  • पश्चिम ज़ोन में सबसे साफ शहर - उज्जैन (जनसंख्या 2-10 लाख)

  • पश्चिम जो़न में भारत का सबसे तेज शहर - सागर (जनसंख्या 2-10 लाख)

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश