Posted on 06 Aug, 2017 7:01 pm

भोपाल : रविवार, अगस्त 6, 2017, 18:38 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर युवा पीढ़ी में स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृति को संजोये रखने के लिये शाम 6 बजे भोपाल के शौर्य स्मारक अरेरा हिल्स पर युवा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर युवाओं को भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जातिवाद और साम्प्रदायिकता भारत छोड़ो का संकल्प दिलायेंगे।

शौर्य स्मारक में शाम 6 बजे वंदे मातरम् की प्रस्तुति के साथ युवा संवाद कार्यक्रम आरंभ होगा। कार्यक्रम में युवाओं को प्रश्न पूछने का अवसर भी दिया जायेगा। कार्यक्रम का शाम 6 बजे से दूरदर्शन और आकाशवाणी के मध्यप्रदेश के सभी केन्द्र तथा एफएम रेडियो के सभी चैनलों पर सीधा प्रसारण किया जायेगा।

जिला मुख्यालय पर होगा कार्यक्रम

सभी जिला मुख्यालय पर भी भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम होंगे। शाम 5 बजे से 6 बजे तक स्थानीय कार्यक्रम और अन्य गतिविधियाँ होंगी। शाम 6 बजे से शाम 7 बजे तक भोपाल में होने वाले मुख्य युवा संवाद कार्यक्रम का सभी जिलों से सीधा प्रसारण किया जायेगा। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और सेना के अधिकारियों से भी शामिल होने का आग्रह किया गया है। युवा संवाद कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के कक्षा 11 एवं 12 तथा महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये कलेक्टर को निर्देश जारी किये गये हैं। कार्यक्रम में एनसीसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड एवं माँ तुझे प्रणाम के विद्यार्थियों के अलावा दिव्यांग विद्यार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित करने के लिये कहा गया है। युवा संवाद कार्यक्रम में देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ होंगी।

भारत छोड़ो आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का एक महत्वपूर्ण संघर्ष था। इस आंदोलन में ब्रिटिश राज्य से मुक्ति के लिये पूरे देश को संकल्पित कर दिया था।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent