Posted on 27 Jan, 2017 9:01 pm

 

भोपाल : शुक्रवार, जनवरी 27, 2017, 17:57 IST

 

मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह से आज अनुसूचित जाति, जनजाति, विशेष पिछड़ी जनजाति के प्रतिभागी विद्यार्थी मिले। आदिम जाति कल्याण एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा आयोजित राज्य-स्तरीय नेतृत्व विकास शिविर के माध्यम से प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में बच्चों ने उनसे भेंट की।

मुख्य सचिव श्री सिंह ने बच्चों को जीवन के लक्ष्यों की प्राप्ति के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर ही बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। श्री सिंह ने कहा कि बच्चे वृक्ष के बीज के समान होते हैं। सरकार द्वारा दी जा रही छात्रवृत्ति, शिक्षा, मार्गदर्शन, प्रोत्साहन रूपी पोषक तत्व हैं। बड़े होकर अब आपको बरगद के पेड़ के समान दृढ़ बनना है।

विद्यार्थियों ने मुख्य सचिव से उनकी सफलता के संबंध में प्रश्न भी पूछे, जिसका उन्होंने बड़ी सहजता से जवाब दिया। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को ट्रेक सूट एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों का सेट भी दिया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति कल्याण श्री अशोक शाह, आयुक्त श्रीमती दीपाली रस्तोगी और माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव श्री धनंजय सिंह उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश