Posted on 12 Sep, 2017 8:20 pm

 

प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जारी प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में विगत दिवस आयोजित कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण संचालनालय के अधिकारियों को केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री के. जे. अल्फांसो द्वारा प्रदान किए गए चार स्कॉच अवार्ड आज मंत्रालय में महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस को सौंपे गए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव महिला-बाल विकास श्री जे.एन. कंसोटिया, आयुक्त महिला सशक्तिकरण श्रीमती जयश्री कियावत, आयुक्त एकीकृत बाल विकास परियोजना श्रीमती पुष्पलता सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

प्रदेश में सेफ सिटी प्रोग्राम को स्मार्ट गवर्नेंस केटेगरी में प्लेटिनम स्कॉच अवार्ड तथा वन स्टाप सेंटर सखी के अंतर्गत एमआईएस के उपयोग को सिल्वर केटेगरी में स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया गया। स्मार्ट गवर्नेंस की श्रेणी में सेफ सिटी तथा सखी एमआईएस को आर्डर ऑफ मेरिट अवार्ड भी प्राप्त हुआ है।

महिला सशक्तिकरण संचालनालय द्वारा यूएन वूमेन के सहयोग से नगरीय/स्थानीय निकायों को महिला सुरक्षा के लिए अधिक उत्तरदायी बनाने और उनकी क्षमता विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। नगरपालिका, पुलिस, परिवहन तथा लोक निर्माण विभाग के साथ इस दिशा में गतिविधियाँ संचालित की गईं। समुदाय के सहयोग से शौर्या दल के माध्यम से भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। अन्य जिलों में भी इन कार्यक्रमों का विस्तार किया जाना प्रस्तावित है।

इसी प्रकार सखी वन स्टाप सेंटर के प्रथम चरण में 18 जिलों में महिलाओं की सहायता के लिए गतिविधियाँ शुरू की जा चुकी हैं। इन गतिविधियों को एमआईएस आधारित बनाने में भी प्रदेश अग्रणी है।

उल्लेखनीय है कि स्कॉच समूह राष्ट्रीय स्तर पर समावेशी विकास और भारतीय परिवेश के अनुसार समुदाय आधारित सामाजिक-आर्थिक विकास गतिविधियाँ संचालित करने और शोध तथा नीति आधारित प्रभावशीलता अध्ययन में संलग्न स्वतंत्र संस्था है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent