Posted on 13 Dec, 2016 7:16 pm

भोपाल : मंगलवार, दिसम्बर 13, 2016, 17:13 IST
 

उज्जैन जिले के महिदपुर किले के अनुरक्षण कार्य को यूनेस्को द्वारा 'अवार्ड ऑफ मेरिट' दिया गया है। सम्मान समारोह 14 दिसम्बर को शाम 4.30 बजे राज्य संग्रहालय श्यामला हिल्स में होगा। अवार्ड यूनेस्को के डायरेक्टर श्री शीगारू ओयोगी देंगे। समारोह में किले के अनुरक्षण कार्यों का प्रेजेन्टेशन भी दिया जायेगा।

संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सुरेन्द्र पटवा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय संरक्षण विशेषज्ञों की समिति द्वारा बैंकाक में हेरिटेज अवार्ड के लिए प्राप्त 40 प्रविष्टि में से महिदपुर किले के अनुरक्षण कार्य के लिए चयन किया गया है।

गौरतलब है कि प्रदेश में 492 राज्य संरक्षित स्मारक का अनुरक्षण एवं विकास कार्य स्मारक की वास्तु-कला तथा अन्य विशेषताओं को देखते हुए सावधानी से किया जा रहा है। महिदपुर किले का अनुरक्षण एक करोड़ की लागत से दो चरण में संचालनालय पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय और वर्ल्ड मान्यूमेंट फण्ड की सहभागिता से किया गया। यह किला क्षिप्रा नदी के तट पर स्थित है। इसका निर्माण 18 वीं शताब्दी में करवाया गया था। यह होल्कर राज्य इंदौर का एक भाग था। सन 1817 में यहाँ पर अंग्रेजों और होल्कर राज्य के बीच युद्ध हुआ था। महिदपुर किले की सुरक्षा प्राचीर, बुर्ज, प्रवेश द्वार एवं कंगूरों का अनुरक्षण किया गया है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश