Posted on 02 Oct, 2016 3:49 pm

भोपाल : रविवार, अक्टूबर 2, 2016, 15:44 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को अपना कर जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। विश्व का कल्याण महात्मा गांधी द्वारा बताये गये मार्ग पर चलकर भी हो सकता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहाँ गाँधी जयंती पर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी ने दुनिया को एक वैकल्पिक दर्शन दिया था। स्वतंत्रता की लड़ाई में सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा आंदोलन जैसे अनूठे प्रयोग किये थे। मानवता को शाश्वत शांति का पथ दिखाया। वे अपने आचरण से सिखाते थे। उन्होंने कहा कि हर प्रदेशवासी एक काम ऐसा जरूर करे जिससे गरीब और पीड़ितों की सेवा हो। यही गांधी जी के प्रति सच्ची आदरांजलि होगी। उन्होंने आचरण में शुद्धता और जीवन में प्रामाणिकता लाने का संकल्प दिलाया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस मौके पर गांधी भवन न्यास द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, गांधी जी के जीवन के प्रेरक प्रसंग, उनके प्रिय भजन और देश भक्ति समूह गान के विजेता विद्यार्थियों और संस्थाओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने इस अवसर पर गांधी जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा गांधी भवन परिसर में वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में सांसद श्री आलोक संजर और पूर्व मुख्य सचिव श्री एस.सी. बैहार सहित नागरिकगण उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent