Posted on 22 Dec, 2016 7:04 pm

भोपाल : गुरूवार, दिसम्बर 22, 2016, 18:35 IST
 

राष्ट्रीय गणित दिवस पर मध्यप्रदेश विज्ञान प्रतिभा सम्मान समारोह में 9 नवाचारी शिक्षक और 155 विद्यार्थी पुरस्कृत किये गये। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक श्री चन्द्रकांत पाटिल ने पुरस्कार प्रदान किये।

श्री पाटिल ने शिक्षक श्री गजेन्द्र सिंह राठौर, डॉ. दीप्ति शुक्ला, श्री राजेन्द्र प्रसाद अग्निहोत्री, श्रीमती शोभा अय्यर, श्री विजय कुमार श्रीवास्तव तथा सुश्री सारिका घारू का सम्मान किया। पश्चिम भारत विज्ञान मेले के 3 शिक्षक का भी सम्मानकिया गया। कनिष्ठ विज्ञान ओलम्पियॉड के 50, वरिष्ठ विज्ञान ओलम्पियॉड के 50, अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलम्पियॉड के 38, पश्चिम भारत विज्ञान मेला के 6 विद्यार्थी और राष्ट्रीय विज्ञान सेमीनार में चयनित विद्यार्थी श्री तेजस्वी करोड़ी को पुरस्कृत किया गया।

श्री पाटिल ने कहा कि परिषद मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों के मानचित्र पर देखने के लिये ग्रामीण क्षेत्रों में विज्ञान के अध्ययन और अध्यापन की दिशा में हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना में फेलो बनकर पूरी विज्ञान शिक्षा मुफ्त प्राप्त की जा सकती है। राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान के डॉ. व्ही.पी. सिंह, राष्ट्रीय पर्यावरणीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. राजनारायण तिवारी और मुख्य वैज्ञानिक डॉ. आर्य ने भी संबोधित किया।

विज्ञान संचारक डॉ. कपूरमल जैन ने अपने व्याख्यान में कहा कि भारत में जैसा गणित का विकास हुआ है, वैसा दुनिया में कहीं नहीं हुआ। खगोल विज्ञान के माध्यम से गणित का तेजी से विकास हुआ है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश