Posted on 29 May, 2016 12:05 pm

केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री थावरचन्द्र गेहलोत ने कहा है कि प्रदेश में दिव्यांगों का सर्वांगीण कल्याण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि देश में पिछले 2 वर्ष में नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा 1850 केम्प लगाये गये हैं। इन केम्प में 4 लाख 40 हजार नि:शक्तजन को एक करोड़ से अधिक लागत के सहायक उपकरण बाँटे गये हैं। इसी दौरान 46 हजार दिव्यांग को अधिकारिता मंत्रालय की योजना में कौशल प्रशिक्षण देकर आत्म-निर्भर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मंदसौर में सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण-केन्द्र डीपीआर मिलते ही मंजूर कर दिया जायेगा। श्री गेहलोत आज मंदसौर में नि:शक्तजन शिविर को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विधायक सर्वश्री जगदीश देवड़ा, यशपाल सिंह सिसोदिया और हरदीप सिंह डंग भी मौजूद थे।

स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री और मंदसौर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दीपक जोशी ने कहा कि मंदसौर जिले का कक्षा 10 और 12वीं का परीक्षा परिणाम काफी अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदसौर के पी.जी. कॉलेज की गिनती अग्रणी कॉलेज के रूप में होती है।

कलेक्टर श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले के शत-प्रतिशत दिव्यांगों को बैंक लिंकेज दिलवाया गया है। शिविर में 3333 दिव्यांग को सहायक उपकरण वितरित किये गये।

भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के श्री पी.के. दुबे ने बताया कि शिविर में 20 मोटोराइज्ड ट्राइसिकिल, 810 ट्राइसिकिल, 294 व्हील-चेयर, 1190 बैसाखी, 790 बुजुर्ग को छड़ी, 61 ब्रेल-केन, 18 ब्रेल-किट और 346 कान की मशीन वितरित की गयी। इन उपकरण की कीमत एक करोड़ से अधिक है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent