Posted on 15 Aug, 2016 11:31 am

मंत्रीगण ने जिला मुख्यालय पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज 

भोपाल : सोमवार, अगस्त 15, 2016, 18:55 IST
 

मध्यप्रदेश में 70वाँ स्वतंत्रता दिवस देशप्रेम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालयों पर मंत्रि-परिषद् के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। स्वतंत्रता दिवस पर देश की आजादी के लिये संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

होशंगाबाद : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट सेवा करने वाले अधिकारियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

सतना - जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउण्ड पर विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर परेड की सलामी ली। समारोह में नगर के 40 विद्यालय के करीब 3500 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी का प्रदर्शन देशभक्ति गीत 'सारे जहाँ से अच्छा हिन्दुस्ताँ हमारा' गीत से किया। मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और कारगिल के शहीदों के परिजनों का सम्मान किया। विधानसभा उपाध्यक्ष ने समारोह के बाद स्कूल के विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन किया।

इंदौर- वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री जयंत मलैया ने रुस्तमजी सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय मैदान में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। करतल ध्वनि और राष्ट्रीय धुन के बीच जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। वित्त मंत्री श्री मलैया ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। समारोह के बाद प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने सुभाष हायर सेकेण्डरी विद्यालय में बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया।

सागर : पंचायत एवं ग्रामीण, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला मुख्यालय पर पीटीसी मैदान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उन्होंने बेहतर परेड प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर पुरस्कार वितरण किया। उन्होंने सागर के महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया।

रायसेन : वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने रायसेन जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कार भी दिये। श्री शेजवार ने समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और मीसाबंदियों का सम्मान किया। श्री शेजवार वनगवां में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

बड़वानी : स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह ने खण्डवा में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में राष्ट्रध्वज फहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और मार्चपास्ट की सलामी ली।

बालाघाट : किसान कल्याण और कृषि विकास मंत्री श्री शंकर बिसेन ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में तिरंगा झण्डा फहराया और परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री के संदेश वाचन के बाद पुलिस जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। श्री बिसेन कोबरा बटालियन को बेहतर मार्च पास्ट के लिये पुरस्कृत किया।

हरदा : राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया और उन्होंने इस मोके पर हरदा जिले के ग्रामीण क्षेत्र को खुले में शौच से मुक्त होने की घोषणा की।

पन्ना : लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुश्री कुसुम महदेले ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगा फहराया और मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया। सिंहस्थ में उत्कृष्ट कार्य करने पर पन्ना के जनसम्पर्क अधिकारी श्री उमेश चन्द्र तिवारी को प्रशस्ति-पत्र और मेडल दिया।

उज्जैन : ऊर्जा मंत्री श्री पारस जैन ने दशहरा मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी लेने के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और लोकतंत्र सेनानियों का शॉल श्रीफल भेंटकर सम्मान किया।

दतिया- पुलिस लाइन दतिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह में नगरीय विकास और आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने संयुक्त परेड की सलामी ली। स्कूल के छात्रों ने खुले आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े। कार्यक्रम में 83 अधिकारी-कर्मचारी को उल्लेखनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री श्रीमती माया सिंह शासकीय मिडिल स्कूल झिरके बाग में विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन में शामिल हुई।

मुरैना- मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड पर हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के बीच लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री रुस्तम सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसा बंदियों और शहीदों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किये।

उमरिया- खाद्य-नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री ओमप्रकाश ध्रुर्वे ने जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में 70वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने संयुक्त परेड की सलामी ली। स्कूल के छात्रों ने रंग-बिरंगे परिधानों में देशभक्ति पूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत किये। प्रभारी मंत्री हाईस्कूल खलेसर में छात्र-छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए। मुख्य अतिथि ने सिंहस्थ में बेहतर कार्य करने के लिए सहायक संचालक श्री सी.एल. पटेल, सहायक ग्रेड-2 श्री आर.डी. मिश्रा को पुरस्कृत किया।

धार- जिला मुख्यालय के किला मैदान पर पशुपालन मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने आकर्षक परेड की सलामी ली। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर व्यायाम का प्रदर्शन किया। श्री आर्य ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को पुरस्कृत किया। प्रभारी मंत्री श्री आर्य समारोह के बाद माध्यमिक शाला तुर्कबगड़ी में छात्रों के साथ मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए।

अनूपपुर- गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। गृह मंत्री ने देश की रक्षा में शहीद होने वाले सैनिकों के परिजनों और मेधावी छात्रों को भी पुरस्कृत किया। गृह मंत्री बाद में नि:शक्त छात्रावास में मध्यान्ह भोजन में भी शामिल हुए।

ग्वालियर- मुख्य समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने नागरिकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने संयुक्त परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि श्री पवैया ने सभी परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। समारोह में शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। उच्च शिक्षा मंत्री ने समारोह में उपस्थित 101 वर्षीय बुजुर्ग श्री बच्चूसिंह और उनकी धर्मपत्नी जग्गोबाई को सम्मानित किया। इस बुजुर्ग दम्पत्ती ने पाई-पाई जोड़कर शौचालय बनवाया है।

शहडोल- जिला मुख्यालय के गाँधी स्टेडियम में उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थित में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में उद्योग मंत्री श्री शुक्ल ने संयुक्त परेड की सलामी ली। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शेख रज्जब अली को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उद्योग मंत्री श्री शुक्ल शासकीय प्राथमिक शाला बोडरी में विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए।

देवास- संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सुरेन्द्र पटवा ने जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने जिले की उन ग्राम पंचायतों के सरपंच को सम्मानित किया, जिन्होंने विकास के उल्लेखनीय कार्य किये हैं। प्रभारी मंत्री श्री पटवा चिमनाबाई स्कूल विशेष मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए।

सीधी- आयुष, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हर्ष सिंह ने जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउण्ड पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री सिंह ने जिला अस्पताल में स्वास्थ्य संवाद केन्द्र का शुभारंभ किया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह पनवार माध्यमिक शाला में मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए।

छतरपुर- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय के पंड़ित बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पंसख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती ललिता यादव ने नागरिकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। खुले आकाश में शांति के प्रतीक कबूतर छोड़े गये। समारोह के बाद पिछड़ा वर्ग मंत्री श्रीमती ललिता यादव माध्यमिक शाला पुछी में विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन में शामिल हुई।

कटनी : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, सामाजिक न्या एवं निशक्तजन कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय पाठक ने नगर निगम स्टेडियम में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

शाजापुर- शाजापुर जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड पर हुआ। तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दीपक जोशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विभिन्न विद्यालयों के करीब 700 छात्र ने देशभक्ति गीत पर पीटी प्रदर्शन किया। तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री जोशी महूपुरा स्थित शासकीय शाला में मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने पुष्प भेंट कर श्री जोशी का स्वागत किया। श्री जोशी ने जिला अस्पताल में स्वास्थ्य संवाद केन्द्र का शुभारंभ किया।

विदिशा- उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्‍करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सूर्यप्रकाश मीणा ने जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। मंत्री श्री मीणा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित किया। उन्होंने वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री रघुवीरचरण शर्मा का शाल-श्रीफल से सम्मान किया। मंत्री श्री मीणा टीलाखेड़ी स्थित शाला में मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए।

जबलपुर- पंड़ित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में चिकित्सा राज्य शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री शरद जैन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश नागरिकों को पढ़कर सुनाया। सरस्वती शिक्षा मंदिर गुप्तेश्वर की छात्राओं ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना पर केन्द्रित नृत्य की प्रस्तुति दी। राज्य मंत्री श्री जैन ने जिला अस्पताल में स्वास्थ्य संवाद केन्द्र का शुभारंभ किया।

भिण्ड- स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड पर नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लालसिंह आर्य ने 70वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने संयुक्त परेड की सलामी ली। श्री आर्य ग्राम अतरसुमा विद्यालय में मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए। उन्होंने इस मौके पर वृक्षारोपण भी किया।

झाबुआ : सहकारिता, भोपाल गैस त्रासदी राहत तथा पुनर्वास (स्वतंत्र प्रभार), पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री विश्वास सारंग ने झाबुआ में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में तिरंगा फहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, बेहतर परेड प्रदर्शन करने वाली टुकड़ी और स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले दल को पुरस्कृत किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और लोकतंत्र सेनानियों का भी सम्मान किया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent