Posted on 26 Nov, 2016 5:52 pm

भोपाल : शनिवार, नवम्बर 26, 2016, 17:35 IST
 

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश के भोपाल स्थित केन्द्रीय वीर्य संस्थान को 'ए' ग्रेड का प्रमाण-पत्र दिया गया। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री राधामोहन सिंह और राज्य मंत्री श्री सुदर्शन भगत की उपस्थिति में यह प्रमाण-पत्र राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के प्रबंध संचालक डॉ. एच.बी.एस. भदौरिया ने सचिव केन्द्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य-पालन श्री देवेन्द्र चौधरी से प्राप्त किया। समारोह में प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश स्टेट को-आपरेटिव्ह डेयरी फेडरेशन श्रीमती अरूणा गुप्ता और सभी राज्यों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

भारत सरकार ने वर्ष 2012-13 में संस्थान को 'बी' ग्रेड दिया था। यह पहला अवसर है जब संस्थान को 'ए' ग्रेड मिला है। संस्थान में गाय एवं भैंस की 13 नस्ल के 200 से अधिक सांडों का संधारण किया जा रहा है। वर्ष 2015-16 में 25 लाख 64 हजार फ्रोजन सीमन डोजेज का उत्पादन किया गया और वर्ष 2016-17 में साढ़े 27 लाख डोजेज उत्पादन का लक्ष्य है।

संस्थान का सुदृढ़ीकरण करने के साथ ही यहाँ अत्याधुनिक नई सीमन लेब का भी निर्माण किया जा रहा है। देश के सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन क्षमता वाले नस्ल के सांडों से यहाँ भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक से उच्च अनुवांशिकता के सांड उत्पन्न किये जा रहे हैं।

पशुपालन मंत्री श्री अन्तर सिंह आर्य ने विभाग के प्रमुख सचिव श्री अश्विनी कुमार राय और अधिकारियों और कर्मचारियों को संस्थान को देश का अग्रणी संस्थान बनाने के लिये किये गये प्रयासों की प्रशंसा करते हुए बधाई दी है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश