Posted on 14 Sep, 2017 3:20 pm

 

भदभदा विश्राम घाट में 5 करोड़ रुपये से भी अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्य किये जायेंगे। राजस्व, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता और महापौर श्री आलोक शर्मा ने आज विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया।

विश्राम घाट में गेट से लेकर बर्निंग शेड तक शेड का निर्माण, विश्राम घाट में स्थित तालाब के साइड में पाथ-वे एवं सीढ़ियां, 10 बर्निंग शेड, दो विद्युत शवदाह गृह, आधुनिक श्रृद्धांजलि भवन, पुस्तकालय, पार्किंग तथा नाले का विकास किया जायेगा। इसके साथ ही वीडियो काफ्रेंसिंग की व्यवस्था भी की जायेगी, जिससे विदेश में रह रहे परिजन भी इसके माध्यम से अंत्येष्ठि में शामिल हो सकें।

राजस्व मंत्री श्री गुप्ता ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल गाँवों में भी शमशान घाट विकसित किये जायें। उन्होंने महापौर द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की।

महापौर श्री शर्मा ने कहा कि शहर के सभी विश्राम घाटों का उन्नयन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जीवन का अंतिम सत्य विश्राम घाट ही है। श्री शर्मा ने कहा कि 50 लाख की आबादी के मान से विश्राम घाटों का विकास करने की योजना है।

नगरपालिका निगम के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह चौहान ने भी विचार व्यक्त किये। विश्राम घाट ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री श्रीकांत भट्ट ने जरूरी सुविधाओं की ओर महापौर का ध्यान आकृष्ट किया। इस दौरान स्थानीय जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent