Posted on 19 Jul, 2016 4:04 pm

मछली पालन मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य ने किया मत्स्य महासंघ का निरीक्षण 

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 19, 2016, 16:00 IST
 

मछली पालन मंत्री श्री अंतर सिह आर्य ने कहा है कि जल्द ही बड़वानी जिले में भी मत्स्य-बीज उत्पादन के लिए हेचरी स्थापित की जायेगी। श्री आर्य आज भदभदा स्थित मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ के मुख्यालय में मत्स्य-बीज प्रक्षेत्र और कार्यालय का निरीक्षण कर रहे थे। इस अवसर पर मत्स्य महासंघ के प्रबंध संचालक श्री यू.के. सुबुद्धि, संचालक मत्स्य-पालन डॉ. यू.के. पुरोहित उपस्थित थे।

मंत्री श्री आर्य ने राज्य और केन्द्र शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि मत्स्य महासंघ के जलाशयों में मत्स्य-उत्पादन राष्ट्रीय औसत उत्पादन से काफी अधिक है। यह उत्पादन अन्तर्राष्ट्रीय औसत की बराबरी करे, ऐसा प्रयास होना चाहिए। श्री आर्य ने प्रदेश के बाकी 20 जिले में जहाँ मत्स्य-बीज उत्पादन के लिए हेचरी स्थापित नहीं है, उन जिलों में भूमि की उपलब्धता के अनुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

मछली पालन मंत्री श्री आर्य ने भदभदा स्थित मत्स्य-बीज प्रक्षेत्र में मत्स्य-बीज 'स्पॉन' उत्पादन के लिए स्थापित हेचरी के कम्पोनेन्टस ओवर हेड टेंक, स्पॉनिंग पूल, इन्क्यूबेशन पूल्स तथा स्पॉन कलेक्शन पूल का निरीक्षण किया। श्री आर्य ने मत्स्य महासंघ कार्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश