Posted on 04 Jun, 2017 7:45 pm

भोपाल : रविवार, जून 4, 2017, 19:47 IST
 

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर एप्को द्वारा की गई निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता में भोपाल के स्कूली बच्चों ने बहुत उत्साह से भाग लिया। 'बताओ कि तितली को आखिरी बार आपने कब देखा' विषय पर हुई तात्कालिक निबंध लेखन प्रतियोगिता में बच्चों ने पर्यावरण के प्रति काफी जागरूकता का परिचय देते हुए अपने विचार व्यक्त किये। निबंध प्रतियोगिता में भाषा शैली और भाव से प्रभावित होकर चयनकर्ताओं ने दोनों वर्ग में श्रेष्ठ तीन-तीन के स्थान पर चार-चार निबंधों का चयन पुरस्कार के लिये किया। एप्को के कार्यपालन निदेशक श्री अनुपम राजन भी उपस्थित थे।

निबंध प्रतियोगिता के विजेता

कक्षा 5वीं से 8वीं तक के प्रथम वर्ग में सेंट जोसेफ को-एड स्कूल के आदित्य सिंह, दिल्ली पब्लिक स्कूल की इकरा अशफाक, बिलाबोंग हायर स्कूल के इशान नायर और सेंट मेरी स्कूल की एश्वर्या सिंह के निबंध उत्कृष्ट पाये गये। द्वितीय वर्ग में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की प्रियंवदा चौबे, दिल्ली पब्लिक स्कूल की निमिषा पाठक, सेंट जोसेफ को-एड स्कूल की खुशी जैन और सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की मुस्कान यादव के निबंध का चयन पुरस्कार लिये किया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता

जूरी ने कक्षा 5वीं से 8वीं तक प्रथम वर्ग में विक्रम हायर सेकेण्डरी स्कूल के आकाश कठैत, कमला नेहरू स्कूल की प्रज्ञा वर्मा तथा सेंट जेवियर को-एड स्कूल की शुभि दुबे और द्वितीय वर्ग (कक्षा 9वीं से 12वीं) में कार्मल कान्वेंट स्कूल की ऐनसी इक्का, मॉडल हायर सेकेण्डरी स्कूल के यश विश्वकर्मा और केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2 के प्रांजल गोटीवाल के चित्रों का चयन श्रेष्ठ श्रेणी में किया। दोनों प्रतियोगिता में लगभग 280 बच्चें उपस्थित थे।

संकल्प की दीवार

प्रतियोगियों के लिये एप्को परिसर में 'संकल्प की दीवार' आकर्षण का केन्द्र रही। पर्यावरण के संकल्प के साथ बच्चों और बड़ों ने इस दीवार पर अपने हाथों से निशान (हथेली की छाप) लगाये।

5 जून के कार्यक्रम

एप्को परिसर में 5 जून को प्रात: 6 बजे से 'प्रकृति के सान्निध्य में वन' कार्यक्रम की शुरूआत योग, ध्यान और शास्त्रीय संगीत से होगी। प्रात: 8 से दोपहर 2 बजे तक मिट्टी और गोबर में स्थानीय प्रजाति के बीज डालकर सीड बाल बनाये जायेंगे। वर्षा ऋतु में इन्हें उचित स्थानों में बोया जायेगा।

पुरस्कार वितरण शाम 4 बजे

दोनों प्रतियोगिताओं के चयनित प्रतिभागियों को एप्को परिसर में शाम 4 बजे होने वाले कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जायेगा। चयनित बच्चों को 5-5 हजार रूपये का पुरस्कार दिया जायेगा।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश