Posted on 20 Jul, 2016 7:40 pm

सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने दिये भाप्रसे के प्रशिक्षु को टिप्स 

भोपाल : बुधवार, जुलाई 20, 2016, 19:03 IST
 

सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने कहा है कि प्रशासनिक अधिकारी को निर्णय लेते समय कठोर और स्वभाव में मिलनसार होने की आवश्यकता है। यह बात उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2015 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से कही। श्री आर्य ने आज प्रशासन अकादमी में प्रशिक्षु अधिकारियों से मिलकर उन्हें कुछ उपयोगी टिप्स दिये।

श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि अब सार्वजनिक जीवन के उद्देश्य की चुनौतियों को अवसर में बदलना होगा। प्रतिस्पर्धा का सामना तो लगातार करना ही होगा। साथ ही पारदर्शी तरीके से अपनी एक अलग पहचान बनाने की चुनौती भी सामने रहेगी। उन्होंने कहा कि अलग पहचान बनाने वालों को सरकार से और समाज में सम्मान मिलता है तथा लम्बे समय तक उन्हें याद भी रखा जाता है। श्री आर्य ने कहा कि अधिकारी को नियम और कानून के विरुद्ध काम नहीं करना चाहिये। उन्होंने यह भी सलाह दी कि संवेदनशील निर्णय में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिये। किसी व्यक्ति विशेष के प्रति गलत धारणा नहीं बनानी चाहिये। कार्यक्षेत्र में पारदर्शिता और प्रामाणिकता की जरूरत होती है। वहीं व्यक्ति की सक्रियता भी लाभकारी साबित होती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी का मैदानी-स्तर पर किया गया निरीक्षण निर्णय लेने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि समीक्षा के पहले भी तैयारी की जरूरत होती है।

श्री आर्य ने कहा कि नवाचार को हमेशा प्रशंसा और सराहना मिलती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किये गये नवाचारों को कई राज्य ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि नवाचार ऐसा ही होना चाहिये, जिसका अनुसरण दूसरे करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी को कभी अपने आप
को परिपूर्ण नहीं मानना चाहिये। अपने साथ काम करने वाले हर व्यक्ति से कुछ न कुछ सीखने को मिलता है।

श्री आर्य ने अकादमी के अधिकारियों को सिंहस्थ में की गयी व्यवस्थाओं की जानकारी देने को भी कहा। कार्यक्रम में अकादमी की महानिदेशक श्रीमती कंचन जैन ने बताया कि प्रशिक्षु अधिकारियों को 27 जून से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं और राज्य के इतिहास, अधिनियम, नियम और कानून के बारे में बताया जा रहा है। साथ ही मध्यप्रदेश डाटा सेंटर, सी.एम. हेल्प-लाइन, विधानसभा कार्यवाही आदि का अवलोकन करवाया जा रहा है। इस मौके पर अकादमी संचालक श्री सचिन सिन्हा भी मौजूद थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश