Posted on 20 Apr, 2017 7:47 pm

भोपाल : गुरूवार, अप्रैल 20, 2017, 18:53 IST
 

 

सिविल सर्विस दिवस पर आज 20 अप्रैल को राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रशासन अकादमी भोपाल में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य सचिव ने दीप प्रज्जवलन कर किया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री ऋषि कुमार शुक्ला, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अनिमेष शुक्ला, अपर मुख्य सचिव गृह श्री के. के. सिंह, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री ए.पी. श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन श्रीमती सीमा शर्मा, सचिव सामान्य प्रशासन श्रीमती रश्मि अरुण शमी, कमिश्नर भोपाल संभाग श्री अजातशत्रु श्रीवास्तव सहित प्रशासन , पुलिस एवं वन सेवाओं के अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह ने कहा कि भारत के वेद-उपनिषद में सत्-चित्-आनंद (सच्चिदानंद) की कल्पना की गयी है। देव-दानव, सुर-असुर शाब्दिक संकेत हैं। आनंद और दु:ख दोनों हमारे ही अंदर हैं। मुख्य सचिव ने आनंद विभाग को आनंद कैलेण्डर तैयार करने पर बधाई दी।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में 'आनंद विभाग-परिकल्पना और प्रासंगिकता' पर अपर मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस ने रोचक प्रस्तुतिकरण दिया। आनंद विभाग के 'आनंद उत्सव', 'नेकी की दीवार' 'आनंद कैलेण्डर' की जानकारी देते हुए कहा कि जिंदगी में कामयाबी तभी पूरी होती है, जब हम खुश रहना सीख लेते हैं। खुश रहकर चीजों को हासिल करने की कोशिश करना चाहिए।

श्री बैंस ने बताया कि आई. आई. टी. कानपुर के साथ मिलकर प्रदेश का हेप्पीनेस इण्डेक्स तैयार किया जायेगा। आनंद क्लब का भी गठन होगा। अभी 20 जिलों में 'अल्प-विराम' कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें 2 मिनिट मौन रहकर जिन्होंने हमें जीवन में तकलीफ दी है उन्हें मन ही मन माफ किया जाता है। जिन लोगों को हमारे द्वारा परेशान किया गया है उनसे मन ही मन माफी मांगी जाती है। इससे हमारे मन के क्रोध, अहंकार, दुर्भावना जैसे विकार दूर होने में मदद मिलती है ।

श्री अन्वेष मंगलम ए.डी.जी. पुलिस ने 'सीसीटीव्ही की उपयोगिता एवं उसका कानूनी महत्व' बताया। 'सी एम हेल्प लाइन-लोक सेवा प्रदाय का प्रतिमान' विषय पर सचिव लोक प्रबंधन श्री हरिरंजन राव ने प्रस्तुतिकरण दिया।

द्वितीय सत्र में 'अंगदान' विषय पर कमिश्नर इंदौर संभाग श्री संजय दुबे ने तथा वन-राजस्व सीमाओं का मिलान' पर श्री अनुराग श्रीवास्तव, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने प्रस्तुतिकरण दिया। संचालन श्रीमती प्रज्ञा अवस्थी संयुक्त संचालक प्रशासन अकादमी किया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश