प्रधानमंत्री के सुझाये उपायों को अपनाकर कृषि आय दुगुनी करें किसान
Posted on 19 Aug, 2017 11:13 am
भोपाल : शनिवार, अगस्त 19, 2017, 20:21 IST | |
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री सुदर्शन भगत ने ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के नवें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास एवं उन्नत कृषि प्रौद्योगिकी के उपयोग से सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिये प्रयासरत है। प्रधानमंत्री ने नई कार्य-योजना के जरिए वर्ष 2022 तक कृषि आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री द्वारा सुझाये उपायों को अपनाकर कृषक अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं। सरकार से भी इस काम में हर संभव सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार मिलकर खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिये गंभीरता के साथ प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश गेहूँ उत्पादन में पूरे देश में अग्रणी है। श्री बिसेन ने बताया कि प्रदेश के सभी 313 विकासखण्डों में मृदा स्वास्थ्य परीक्षण केन्द्र खोले गए हैं। सरकार विपरीत परिस्थतियों में भी किसानों के साथ खड़ी है। इस मौके पर कृषि वैज्ञानिकों द्वारा उन्नत कृषि पर लिखी गईं पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। समारोह में रानी लक्ष्मीबाई केन्द्रीय विश्वविद्यालय झाँसी के कुलाधिपति डॉ. पंजाब सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार, प्रमण्डल के सदस्य एवं विधायक श्री दिलीप सिंह शेखावत व श्री लाखन सिंह यादव और बालाघाट जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन उपस्थित थीं। विश्वविद्यालय की कृषि संकाय की अधिष्ठाता डॉ. मृदुला बिल्लौरे द्वारा कृषकों एवं कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों को संकल्प से सिद्धि न्यू इंडिया मूवमेंट के तहत संकल्प दिलाए गए। इनमें कृषि से संबंधित 7 सूत्र शामिल हैं। मसलन वर्ष 2022 तक कृषि आय दोगुन करने, आय सुरक्षा के लिये फसलों का बीमा कराने, माटी की सेहत के लिये जैविक खेती अपनाने व सॉइल हैल्थ कार्ड बनवाने, उच्च पैदावार के बीज एवं रोपण सामग्री अपनाने, एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने, कृषि उत्पादों के मूल्यवर्धन एवं सही सुरक्षित भण्डारण का संकल्प शामिल है। स्थापना दिवस समारोह के साथ आयोजित हुए संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम में प्रगतिशील कृषक एवं कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया। इनमें झाबुआ के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. आई एस तोमर एवं पादप संरक्षण वैज्ञानिक डॉ. आर के यादव शामिल हैं। इसी तरह उन्नत कृषक अशोकनगर के श्री राजपाल सिंह नरवरिया, धार के श्री दिनेश पाटीदार व श्रीराम पाटीदार, झाबुआ के श्री बालाराम पाटीदार तथा राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक प्राप्त छात्र मनीष शर्मा को अतिथियों ने सम्मानित किया। |
साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश