Posted on 02 Aug, 2017 7:08 pm

 

भोपाल : बुधवार, अगस्त 2, 2017, 18:31 IST

 

प्रदेश में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 15 अगस्त को मुख्य समारोह में मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे।

मुख्यमंत्री द्वारा राज्य की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जायेगा। इसके बाद पदक वितरण कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में पुलिस, एसएएफ, सीआईएसएफ, एनसीसी, जेल गार्डस, होमगार्ड, स्काउट गाइड्स एवं शौर्य दल की संयुक्त परेड होगी। मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर्स दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा भोपाल स्थित शौर्य स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जायेगी। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम के अलावा राजधानी में सभी सार्वजनिक एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा। भोपाल के शासकीय कार्यालयों में समारोह की शुरूआत सुबह 8 बजे के पूर्व होगी। विभाग प्रमुख/कार्यालय प्रमुख अपने विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को एकत्रित कर कार्यालय-स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे और राष्ट्रीय गान गाया जायेगा।

शिक्षण संस्थाओं में समारोह सुबह 8 बजे या उसके पूर्व किया जायेगा। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही राष्ट्रीय गान का सामूहिक गायन होगा। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। इस अवसर पर विभिन्न समारोह में लाउड-स्पीकर का उपयोग होने पर गानों का चयन सुरुचिपूर्ण तथा समयोचित हो, इसका ध्यान रखा जाये। शाम को रवीन्द्र भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जायेगा।

मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, प्रदेश के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जायेगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को कार्य-स्थल पर लाने की व्यवस्था भी की जायेगी। राजधानी के मुख्य समारोह में जिले के सम्मानित लोकतंत्र सेनानियों को भी आमंत्रित किया जायेगा।

जिला-स्तर पर होने वाले कार्यक्रम

जिला, जनपद पंचायत एवं पंचायत मुख्यालयों पर भी सुबह 9 बजे स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जायेगा। जिला-स्तर पर विधानसभा अध्यक्ष/मंत्री/राज्य मंत्री/विधानसभा उपाध्यक्ष/कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण होगा। समारोह में राष्ट्रीय गान होगा और पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एसएएफ आदि द्वारा परेड की जायेगी। साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा।

जनपद पंचायत मुख्यालय पर जनपद अध्यक्ष द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा राष्ट्रीय गान होगा। ऐसी नगरपालिका/नगर परिषद, जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष नगरपालिका/नगर परिषद द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा। पंचायत मुख्यालय में सरपंच द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा।

सभी सार्वजनिक भवनों पर झण्डा फहराया जायेगा। विभाग प्रमुख/कार्यालय प्रमुख अपने-अपने कार्यालय में सुबह 8 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रीय गान गायेंगे। सभी शिक्षण संस्थाओं में सुबह 8 बजे या उससे पूर्व ध्वजारोहण कर सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम होंगे। सभी शिक्षण संस्थाओं द्वारा मौसम का ध्यान रखते हुए प्रात:काल प्रभात-फेरी निकाली जायेगी।

कॉलेज/स्कूली खेल-कूद, अन्य प्रकार के कौशल का प्रदर्शन, अंतर्विद्यालय, अंतरमहाविद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ, 15 अगस्त के महत्व पर चुने हुए विद्यार्थियों द्वारा वार्ता, राष्ट्रीय एकता, लघु बचत, जनसंख्या स्थिरीकरण, स्वच्छता अभियान एवं पुरस्कार/प्रमाण-पत्र/मेडल का वितरण आदि कार्यक्रम शामिल किये जायेंगे। स्कूल-कॉलेजों में जिला/संभाग एवं राज्य-स्तर पर राष्ट्रीय एकता के समूह-गान होंगे। जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जायेगा।

मुख्य कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिजन एवं सम्मानित लोकतंत्र सेनानियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जायेगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को कार्यक्रम-स्थल पर लाने की व्यवस्था भी की जायेगी।

विभिन्न समाचार-पत्रों में स्वतंत्रता दिवस पर जारी किये जाने वाले विज्ञापनों को स्वतंत्रता संग्राम के संदेशों पर केन्द्रित किया जायेगा। प्रदेश के समाचार-पत्रों में विभिन्न शहीदों तथा विशेष रूप से मध्यप्रदेश के शहीदों के संबंध में संदेश प्रसारित होंगे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent