Posted on 08 Jul, 2016 9:25 pm

लोक निर्माण एवं विधि मंत्री श्री रामपाल सिंह ने आज निर्माण भवन पहुँचकर अपना दायित्व ग्रहण किया। इस अवसर उन्होंने विभाग के अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखे। प्रदेश का कोई भी गाँव-कस्बा सड़क विहीन नहीं रहना चाहिए। कमजोर पुल-पुलियों को चिन्हित किया जाये। खराब सड़कों की मरम्मत शीघ्र की जाये।

श्री सिंह ने कहा कि सड़कों के मामले में मध्यप्रदेश को देश का नम्बर-1 राज्य बनाया जायेगा। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जायेगा। उन्होंने सभी मुख्य अभियन्ताओं को निर्देश दिए कि जो भी नए कार्य चल रहे हैं उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाये। निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले इंजीनियर के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। श्री सिंह ने कहा कि वर्षा से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत शीघ्र करे। नर्मदा पुल पर विशेष ध्यान दिया जाये। जहाँ पर खतरे की स्थिति निर्मित हो रही हों वहाँ भारी वाहनों का आवागमन रोका जाये। निर्माण कार्य में तेजी लाये।

श्री सिंह ने बताया की अति वृष्टि के कारण सतना रिंग रोड क्षतिग्रस्त हो गया है। सागर रोड की स्थिति भी खराब है। सतना-उचेहरा-मार्ग खराब हो गया है। इनकी मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से किया जाये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुरूप प्रदेश में उच्च-कोटि की गुणवत्तायुक्त सड़कों का निर्माण कार्य किया जायेगा। टेस्टिंग लेब स्थापित की जायेगी। श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की प्रतिमाह समीक्षा की जायेगी। निर्धारित मापदंड के अनुसार ही सड़कों के निर्माण कार्य किए जाने चाहिए।

मंत्री श्री रामपाल सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद सभी विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर राज्य सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री मनीष रस्तोगी, प्रमुख अभियंता श्री प्रमोद अग्रवाल, परियोजना संचालक श्री विजयसिंह वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent