Posted on 30 Apr, 2018 9:02 am

 

प्रदेश में आज का दिन आयुष्मान भारत दिवस के रूप में मनाया गया। प्रदेश के सभी जिलों की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा हुई। भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन के तहत आयुष्मान भारत योजना 15 अगस्त 2018 से लागू हो जाएगी। इस योजना में चिन्हित पात्र परिवारों की सूची का विशेष ग्राम सभाओं में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा वाचन किया गया।

देवास जिले की ग्राम पंचायत  क्षिप्रा विकास खण्ड बरोठा( देवास) की विशेष ग्राम सभा में विशिष्ट अतिथि सांसद  श्री मनोहर सिंह ऊँटवाल ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार आम नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। भारत शासन ने  आयुष्मान भारत योजना लागू की है जिसमें प्रति पात्र  परिवार प्रतिवर्ष 5 लाख का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।

बताया गया कि योजना का नोडल विभाग स्वास्थ्य विभाग है।  योजना का लाभ सभी पात्र परिवारों को मिले, इसके लिये समस्त शासकीय संस्थान, समाजसेवी और अशासकीय संस्था, जन-प्रतिनिधि ,मीडिया प्रतिनिधि एवं आम नागरिक, सभी को मिलकर समन्वित रूप से प्रयास करना होगा। संयुक्त संचालक श्री राकेश मुंशी ने भी योजना की जानकारी दी।

सोनकच्छ ब्लॉक  की ग्राम पंचायत दौलतपुर की विशेष ग्राम सभा में  राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रदेश संचालक श्री एस. विश्वनाथन ने लोगों को योजना की जानकारी देते हुए कहा कि अब कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित नहीं रह सकेगा। उन्होंने ग्राम सभा के सहभागियों से रू-ब-रू होकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी जानी। श्री विश्वनाथन ने कहा कि एक से 7 मई तक होने वाले सर्वे और पात्र हितग्राहियों का सत्यापन कार्य पूर्ण निष्ठा और समर्पित भाव से किया जाये।  कार्यक्रम की जिला, राज्य, संभाग तथा ब्लॉक स्तर से भी निरंतर मॉनीटरिंग की जाएगी। 

विशेष ग्राम सभा   में क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधि, खंड चिकित्सा अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत प्रतिनिधि, बीईई, बीपीएम, बीसीएम, स्वास्थ्य सुपरवाइजर, पंचायत सचिव, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश