Posted on 25 Apr, 2017 2:29 pm

भोपाल : मंगलवार, अप्रैल 25, 2017, 13:19 IST

 

मध्यप्रदेश खनिज उपलब्धता की दृष्टि से देश का चौथा खनिज सम्पन्न राज्य है। प्रदेश में पिछले वर्ष खनिज राजस्व के रूप में 3746 करोड़ 11 लाख रुपये की आय हुई है। प्रदेश में वर्ष 2015-16 में खनिज राजस्व के रूप में 3610 करोड़ 56 लाख रुपये प्राप्त हुए थे।

राज्य में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भण्डारण पर रोक लगायी गयी है। वर्ष 2016-17 में अवैध परिवहन के 11 हजार 885, अवैध भण्डारण के 648 और अवैध उत्खनन के 827 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गयी। इन प्रकरणों में अर्थ दण्ड के रूप में करीब 35 करोड़ रुपये दोषियों से जमा करवाये गये।

खनिज संसाधन विभाग में सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग

प्रदेश में खनिज संसाधन विभाग की गतिविधियों को ऑनलाइन करने के लिये राष्ट्रीय सूचना केन्द्र (एनआईसी) के सहयोग से वेब पोर्टल 'ई-खनिज'' बनाया गया है। पोर्टल को परिवहन विभाग के साथ लिंक किया जा चुका है। इसके माध्यम से पट्टेदार और ट्रांसपोर्टर खनिज परिवहन के लिये ऑनलाइन वाहनों का रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

प्रदेश में खनिजों के परिवहन पर निगरानी के लिये सभी 51 जिले में इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास (ई-टीपी) की व्यवस्था को लागू किया गया है। अवैध उत्खनन, परिवहन और भण्डारण की जानकारी मासिक-पत्रक के रूप में एम.आई.एस. रिपोर्ट के रूप में प्राप्त की जा रही है। ई-टीपी की व्यवस्था लागू होने से प्रधानमंत्री की कैशलेस ट्रांजेक्शन की मंशा पूरी हुई है।

पिछले 4 वर्ष की खनिज राजस्व आय

वर्ष

खनिज राजस्व

2013-14

2940.70 करोड़ रुपये

2014-15

3477.32 करोड़ रुपये

2015-16

3610.56 करोड़ रुपये

2016-17

3746.11 करोड़ रुपये

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश